बिहार के सीवान जिले की सियासत में राजनीतिक परिवारों की पकड़ के साथ आए नए चेहरे चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। जिले की आठ सीटों पर महागठबंधन की पकड़ मजबूत रही है। पिछले चुनाव में महागठबंधन ने छह सीटों पर कब्जा किया था, जबकि राजग दो सीट ही जीत पाई थी।

इस चुनाव में दोनों गठबंधनों ने अपने उम्मीदवारों में बड़े बदलाव किए हैं। इसमें शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब का नाम काफी चर्चा में हैं। वहीं भाजपा ने अपने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे को चुनावी मैदान में उतारा। इसी जिले से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी भी चुनावी ताल ठोक रहे हैं।

राजनीतिक दलों की मानें तो सीवान की राजनीति वामपंथ का पुनरुत्थान, राजद का जातीय आधार और भाजपा-जदयू के संगठित रंगों में बंटी है। जिले में इस बार का चुनाव परिणाम अलग हो सकता है।

यह भी पढ़ें: बिहार चुनाव: NDA का ‘संकल्प पत्र’ vs महागठबंधन का ‘तेजस्वी प्रण’, जानिए कितना अंतर

राजग के साथ लोजपा के आने से कुछ सीटों पर असर दिखेगा। वहीं शहाबुद्दीन परिवार के चुनाव में उतरने से परिस्थिति बदली-बदली नजर आ रही है। जिले की आठों सीटों पर मुसलिम आबादी काफी बड़ी है। कुछ सीटों पर इनकी संख्या निर्णायक भूमिका में है। इनके अलावा यादव, भूमिहार और अति पिछड़ा वर्ग समुदाय की भी अच्छी खासी आबादी है।

तेजस्वी-योगी जैसे दिग्गज कर चुके प्रचार

इस जिले पर कब्जा करने के लिए खुद तेजस्वी यादव रैली कर चुके हैं। वहीं राजद के अलावा भाकपा (माले) के नेता डेरा डाले हुए हैं। जदयू के साथ भाजपा के बड़े नेता भी क्षेत्र में घूम रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दूसरे मुख्यमंत्री रैली कर चुके हैं।

  1. पिछले चुनाव में सीवान विधानसभा सीट पर राजद के अवध बिहारी चौधरी ने भाजपा के ओम प्रकाश यादव को चुनाव में हराया था। इस बार भाजपा ने उनके खिलाफ मंत्री मंगल पांडे को उतारा है।
  2. जीरादेई सीट पर भाकपा (माले) के अमरजीत कुशवाहा ने जदयू से कमला सिंह को हराया था। इस बार जदयू ने इस सीट पर भीष्म प्रताप सिंह को उतारा है।
  3. दरौली (एससी) सीट पर भाकपा (माले) के सत्यदेव राम ने भाजपा के रामायण मांझी को हराया था। इस बार यह सीट लोजपा के पास है और उन्होंने विष्णु देव पासवान को चुनाव में उतारा है।
  4. रघुनाथपुर सीट पर राजद के हरि शंकर यादव व लोजपा के मनोज कुमार सिंह चुनाव में मैदान में थे। इस सीट पर राजद ने अपने मौजूदा विधायक का टिकट काटकर शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को उम्मीदवार बनाया है। वहीं उसके खिलाफ जदयू के टिकट पर विकास कुमार यादव मैदान में हैं।
  5. दरौंदा सीट पर भाजपा के करणजीत सिंह ने भाकपा (माले) के अमर नाथ याद को चुनाव में हराया था। इस बार भी दोनों के बीच मुकाबला है।
  6. बरहरिया सीट पर राजद के बच्चा पांडे ने जदयू के श्याम बहादुर सिंह को चुनाव में हराया था। इस बार राजद ने अरुण कुमार गुप्ता और जदयू ने इंद्र देव सिंह को चुनाव में उतारा है।
  7. गोरियाकोठी सीट पर भाजपा के देवेश कांत सिंह ने राजद से नूतन देवी को चुनाव में हराया था। इस बार राजद ने अनवारूल हक दरबार को चुनाव में उतारा है।
  8. उत्तर प्रदेश के सीमा पर स्थित महाराजगंज सीट पर कांग्रेस के विजय शंकर दुबे ने जदयू के हेम नारायण साह को चुनाव में हराया था। इस बार यह सीट राजद के खाते में हैं और उन्होंने विशाल कुमार जायसवाल को चुनाव में उतारा है। उनका मुकाबला शाह से है।

यह भी पढ़ें: मोकामा: 25 साल बाद दो परिवार आमने-सामने, दुलारचंद यादव की हत्या के बाद चर्चा में सीट