महाराष्ट्र सरकार ने 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेन भारती को मुंबई का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उनके पूर्ववर्ती विवेक फनसालकर का तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद की गई है। 56 वर्षीय भारती अभी तक विशेष पुलिस आयुक्त के पद पर कार्यरत थे और अब उन्हें मुंबई पुलिस की कमान सौंपी गई है।
देवेन भारती को एक हाई-प्रोफाइल पुलिस अधिकारी माना जाता है। उन्होंने मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में कई अहम पदों पर सेवाएं दी हैं। वह कानून-व्यवस्था संभालने वाले संयुक्त पुलिस आयुक्त के रूप में मुंबई शहर में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वालों में शामिल रहे हैं। इस दौरान वे सभी पुलिस थानों के संचालन की जिम्मेदारी संभालते थे।
26/11 से लेकर इंडियन मुजाहिद्दीन तक- हाई-प्रोफाइल केसों के अनुभवी
भारती ने एटीएस प्रमुख, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) जैसे पदों पर भी काम किया है। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों समेत कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच का हिस्सा रहे भारती को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का विश्वास प्राप्त है। जनवरी 2023 में फडणवीस सरकार ने विशेष पुलिस आयुक्त का नया पद बनाया और उसी पर उन्हें नियुक्त किया गया था। यह एक ऐसा पद है, जो दिल्ली की तर्ज पर खास तौर से उनके लिए सृजित किया गया है। देवेन भारती मुंबई पुलिस बल में विशेष पुलिस आयुक्त का पद संभालने वाले पहले आईपीएस अधिकारी बने थे।
सत्ता बदली तो विभाग बदला, लेकिन वापसी दमदार रही
2014 से 2019 के बीच भारती को कई महत्वपूर्ण पद मिले। हालांकि, अक्टूबर 2020 में महा विकास अघाड़ी सरकार के कार्यकाल में उन्हें महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम (MSSC) में भेज दिया गया, जिसे एक साइड पोस्टिंग माना गया। उसी समय उनके खिलाफ एक मामले में जांच भी शुरू हुई, जिसमें भाजपा नेता हैदर आजम की पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगा था। यह आरोप था कि पासपोर्ट बनवाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।
हालांकि बाद की जांच में उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला और मुंबई क्राइम ब्रांच ने अपने आरोपपत्र में उनका नाम शामिल नहीं किया। अब एक बार फिर देवेन भारती को मुंबई पुलिस की कमान सौंपी गई है, जिससे उनके अनुभव और प्रशासनिक क्षमता पर सरकार का भरोसा साफ नजर आता है।