Where to Watch Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतों की गिनती का काम 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगा। विधानसभा चुनाव के लिए 6 और 11 नवंबर को वोटिंग हुई थी। अब सभी की नजरें चुनाव नतीजों पर हैं। एग्जिट पोल के बाद विधानसभा चुनाव के नतीजों का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लगभग सभी एग्जिट पोल ने एनडीए की बड़ी जीत का अनुमान लगाया है।
चुनाव प्रचार के दौरान सभी प्रमुख राजनीतिक दलों और गठबंधनों ने जोरदार प्रचार किया। इस विधानसभा चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।
चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य के 38 जिलों में बनाए गए कुल 46 काउंटिंग सेंटरों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव में 7.45 करोड़ मतदाताओं ने 2,616 उम्मीदवारों का भाग्य तय किया। आयोग के बयान के मुताबिक, ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को बेहद सुरक्षित रखा गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जा रही है।
अधिक मतदान सत्ता परिवर्तन की गारंटी नहीं
चुनाव आयोग के अनुसार वोटों की गिनती 14 नवंबर की सुबह 8 बजे से शुरू होगी और देर शाम तक सभी 243 सीटों के नतीजे आयोग के द्वारा घोषित कर दिए जाने की संभावना है।
मतगणना केंद्रों पर दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है, जिसमें भीतरी घेरा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और बाहरी घेरा राज्य पुलिस के जिम्मे है। जिलों के सभी जिला चुनाव अधिकारियों तथा रिटर्निंग अफसरों को बार-बार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के लाइव अपडेट्स को जनसत्ता के यूट्यूब चैनल, जनसत्ता की वेबसाइट के साथ ही मोबाइल ऐप पर भी देखा जा सकता है।
LIVE Updates: एनडीए या महागठबंधन में से किसे मिलेगी सत्ता, चुनाव नतीजों का है इंतजार
राजनीतिक दलों ने बनाई रणनीति
बृहस्पतिवार को सभी राजनीतिक दलों ने मतगणना की रणनीति को लेकर मंथन किया। पूरे राज्य में निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या नीतीश कुमार फिर से राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे? महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि महागठबंधन 160 से ज्यादा सीटें जीतेगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि वरिष्ठ नेता लगातार मतगणना केंद्रों पर तैनात कार्यकर्ताओं से संपर्क में हैं और उम्मीद है कि जिस तरह मतदान शांतिपूर्ण रहा, उसी तरह मतगणना का दिन भी शांतिपूर्ण रहेगा।
एनडीए और महागठबंधन में शामिल दल
एनडीए में जेडीयू, बीजेपी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) शामिल हैं। वहीं, महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, वाम दल, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) शामिल हैं। दोनों गठबंधनों की ओर से मैदान में उतरे प्रमुख उम्मीदवारों में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, राजद के तेजस्वी यादव और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार आदि शामिल हैं।
