Punjab Flood: पंजाब इस समय बाढ़ से जूझ रहा है। ऐसे में आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और पार्टी के दो बड़े नेता मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की गैरमौजूदगी पर सवाल उठ रहे हैं। ये तीनों नेता कुछ वक्त पहले राज्य में काफी एक्टिव थे। शिरोमणि अकाली दल के नेता इकबाल सिंह ने कहा, “ये नेता बस राज्य को लूटना चाहते थे। ये पंजाब के लिए नीतियां बनाते हैं, लेकिन अब जब राज्य गहरे संकट में है, तो ये गायब हैं।”
इकबाल सिंह ने कहा, “केजरीवाल कपास की बात इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उनकी नजर गुजरात पर है। क्या उन्होंने बाढ़ राहत के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने पंजाब के लोगों को सांत्वना देने के लिए एक बयान भी जारी नहीं किया है।” शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर बादल ने भी आप पर हमला बोला है।
केजरीवाल कहां है- सुखबीर बादल
सुखबीर सिंह बादल ने कहा, “मैं सीएम मान से पूछना चाहता हूं कि पंजाब के इस मुश्किल दौर में केजरीवाल और उनके साथी कहां हैं। मान ने लोगों से 2022 में केजरीवाल को एक मौका देने की अपील की थी। लोगों ने आप को 92 विधायक दिए। वह हमारे हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करते हैं। पंजाब के खजाने से मिलने वाले उनके फोटो वाले बिल बोर्ड हर जगह लगे हैं। दिल्ली में उनके घर पर पंजाब पुलिस के 200 से ज्यादा जवान तैनात हैं। अब वह कहां हैं।”
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आप सूत्रों ने बताया कि सिसोदिया और जैन गुजरात में एक बड़ी पार्टी रैली आयोजित करने में व्यस्त हैं। केजरीवाल ने आप के संगठन को मजबूत करने के लिए इस साल पंजाब का लगातार दौरा किया है। उन्होंने भी राज्य के मामलों में अपनी सक्रिय भागीदारी के बावजूद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा नहीं किया है।
ये भी पढे़ं: क्या पंजाब में फिर से एक्टिव हो रहे हैं राघव चड्ढा?
पंजाब बीजेपी प्रवक्ता विनीत जोशी ने कहा, “दिल्ली के आप नेता बीजेपी से मिली करारी हार के बाद से ही पंजाब में डेरा डाले हुए हैं। अब जब पंजाब के लोग संकट में हैं, तो वे गायब हैं। अब वे कहां हैं? उन्हें लगता है कि कोई उन्हें देख नहीं रहा है।” सिसोदिया और जैन दोनों ही चंडीगढ़ में मंत्रियों के लिए बने सरकारी आवासों में रह रहे हैं, पार्टी नेताओं ने आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि पंजाब के सह-प्रभारी होने के नाते यह उनका अधिकार है।
रंधावा ने मुख्यमंत्री मान की आलोचना की
बाढ़ प्रभावित गुरदासपुर का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आरोप लगाया कि दिल्ली के नेता जनता के विरोध के डर से पंजाब से बच रहे हैं। उन्होंने कहा, “लोग उनकी असलियत जानते हैं। उन्हें यह देखना चाहिए कि उन्होंने राज्य के साथ क्या किया है।” रंधावा ने मुख्यमंत्री मान की भी आलोचना की और पंजाब की आप यूनिट को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल बताया।
उन्होंने आगे कहा, “हमारे पास एक ऐसा मुख्यमंत्री है जिसने राज्य को उन्हें थाली में परोस कर सौंप दिया है। वह एक तूफानी दौरे पर आए, बाढ़ राहत के लिए अपना हेलिकॉप्टर छोड़ दिया, लेकिन हेलिकॉप्टर से गिराए गए राशन के पैकेट पानी में गिर गए।”
आप सरकार संकट से निपटने के लिए मेहनत कर रही – अमन अरोड़ा
अमन अरोड़ा ने आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा, “जब दिल्ली के नेता पंजाब आते हैं, तो विपक्ष को दिक्कत होती है। जब वे नहीं आते, तब भी उन्हें दिक्कत होती है। मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि क्या सोनिया गांधी , मल्लिकार्जुन खड़गे या राहुल गांधी ने बाढ़ के दौरान पंजाब का दौरा किया था। बीजेपी के जेपी नड्डा कहां हैं? आप सरकार इस संकट से निपटने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री, विधायक, जिला अध्यक्ष, सभी जमीनी स्तर पर लोगों की मदद कर रहे हैं।”
पंजाब में बाढ़ से हालात खराब
पंजाब में बाढ़ से हालात काफी खराब है। लगातार हो रही भारी बारिश के बाद सतलुज, व्यास और रावी जैसी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन और सेना के जवान दिन-रात राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। अब तक 11,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा चुका है। इसके बावजूद कई इलाकों में लोग अब भी फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को फिरोजपुर के टांडा में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे।
गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और गवर्नर से बात की है। अमित शाह ने पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली और पंजाब में राहत और बचाव कार्यों में एनडीआरएफ के पूरे सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा, बाढ़ से निपटने में केंद्र सरकार पंजाब सरकार के साथ खड़ी है।
ये भी पढ़ें: पंजाब में बाढ़ से 1,000 से ज्यादा गांव और 61 हजार हेक्टेयर खेती की जमीन प्रभावित