पश्चिम बंगाल बीजेपी के नेता जय प्रकाश मजूमदार आज तृणमूल में शामिल हो गए। खुद सीएम ममता बनर्जी ने उन्हें सदस्यता दिलाई। ममता ने उन्हें तृणमूल के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी विरोधी बयानबाजी की वजह से मजूमदार को भाजपा ने पहले ही निष्कासित कर दिया था।

ममता बनर्जी ने इस दौरान कहा कि बीजेपी भ्रष्‍टाचार वाली पार्टी है। ये लोग लोकतंत्र को खत्‍म करना चाहते हैं। तृणमूल 2024 के चुनाव में बीजेपी को शिकस्त देकर सही जगह दिखाएगी। ममता का कहना था कि असेंबली चुनाव में बीजेपी ने लोगों को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन निकाय चुनावों में इनको अपनी सही हैसियत जनता ने ही बता दी है।

मजूमदार और रितेश तिवारी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में भाजपा ने निलंबित कर दिया था। कुछ दिनों पहले मजूमदार ने पुराने लोगों को कमतर करके आंकने के लिए नेतृत्व की आलोचना की थी। उन्होंने ममता बनर्जी की तारीफ स्ट्रीट फाइटर के तौर पर की थी। मजूमदार ने बीजेपी के सूबा नेतृत्व पर तृणमूल के साथ समझौता करने और चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ मिलीभगत होने का आरोप लगाया था। उन पर भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष अमित मालवीय के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने का आरोप है।

बंगाल निकाय चुनाव में भाजपा के खराब प्रदर्शन के बाद से सवाल उठने शुरू हो गए हैं। पार्टी के नेता ही हाईकमान पर सवाल उठा रहे हैं। असेंबली चुनाव में 77 सीटें जीतने वाली भाजपा को निकाय चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली तो पार्टी नेताओं ने अपने ही नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन पर एक्शन हुआ तो वो तृणमूल के पाले में जाने लगे। निकाय चुनावों में टीएमसी ने 108 में से 102 सीटें जीती हैं।

इसके पहले मुकुल राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो जैसे नेता भी भाजपा छोड़कर टीएमसी में शामिल हो गए थे। नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी को लेकर भी अटकलों का बाजार गर्म है। उनके भी ममता के पाले में जाने के कयास लग रहे हैं।