भारतीय जनता पार्टी और पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के बीच चली आ रही लड़ाई लोकसभा चुनाव के मद्देनजर और बढ़ गई है। राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे पर पहले एक बार फिर टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा के एक कार्यकर्ता पर हमले का आरोप लगा है। दरअसल, प्रदेश में 2019 के रण के लिए पीएम मोदी चुनावी अभियान का आगाज करने आ रहे हैं। जिसके चलते उनके बड़े बड़े बैनर लगाए गए। लेकिन प्रधानमंत्री के पोस्टरों को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कटआउट से ढंक दिया गया। इसका विरोध करने पर एक बीजेपी कार्यकर्ता पर हमला कर नाक से खून निकाल दिया गया।

पीएम मोदी की रैली राज्य के उत्तर 24 परगना जिले तथा औद्योगिक नगर दुर्गापुर में होनी है। दुर्गापुर में रैली स्थल के कुछ ही दूरी पर मोदी के पोस्टरों को ममता के बैनरों से ढंक दिया गया। इसी के चलते दोनों ही पार्टी कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई। इसे लेकर बीजेपी ने स्थानीय पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।

मामले पर भारतीय जनता पार्टी के राहुल सिन्हा ने बताया, ‘दुर्गापुर में प्रधानमंत्री की रैली होनी है। जिसके चलते उनके पोस्टर लगाए हैं। लेकिन शाम आठ बजे कई टीएमसी कार्यकर्ता आकर मोदी के पोस्टर के ऊपर ही ममता बनर्जी के कटआउट लगा देते हैं। हमारे कार्यकर्ता ने इस तरह की हरकतों का विरोध किया तो उस पर हमला किया गया। जिससे उसकी नाक से खून निकलने लगा। इसे लेकर पुलिस में मामला भी दर्ज कर दिया गया है। इससे यह साबित होता है कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र बचा ही नहीं है’।

बता दें कि, कुछ दिनों पहले ही राज्य में अमित शाह की रैली भी हुई थी। शाह की रैली का आयोजन मिदनापुर जिले में हुआ था। रैली खत्म होने के बाद के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। कथित तौर पर टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं को ले जा रहे वाहनों में तोड़फोड़ के बाद उसे आग के हवाले कर दिया गया। इसमें तीन लोग घायल बताए गए थे। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने कहा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस के कांठी में स्थित एक स्थानीय कार्यालय पर हमला और तोड़फोड़ की। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पलटवार किया।