जहां एक तरफ देश में कोरोनावायरस के केस तेजी से बढ़ते जा रहे हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निगाह अभी भी अलग-अलग राज्यों में सरकार बनाने की कोशिशों में जुटी है। पार्टी इस वक्त बिहार के साथ-साथ 2021 में होने वाले पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भी तैयारी कर रही है। हाल ही में भाजपा ने पश्चिम बंगाल की सांसद लॉकेट चटर्जी को राज्य में पार्टी महासचिव नियुक्त किया है। अपने गरम मिजाज और पार्टी को आगे रखकर काम करने के लिए लोकप्रिय लॉकेट कई बार कांग्रेस के बड़े-बड़े नेताओं को घेरती नजर आई हैं। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ही घेर लिया था।

दरअसल, राहुल ने पिछले साल झारखंड के गौड्डा में एक रैली के दौरान कहा था कि मोदीजी ने मेक इन इंडिया का नारा दिया। लेकिन आज जहां देखो, वहां रेप इन इंडिया दिखता है। राहुल इसके जरिए उन्नाव में रेप के मामले में फंसे भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर निशाना साध रहे थे। हालांकि, लॉकेट चटर्जी ने राहुल के इस बयान को शर्मनाक बताते हुए माफी की मांग की। भाजपा सांसद ने आगे कहा था कि मोदीजी का मेक इन इंडिया है और ये रेप इन इंडिया की बात कर रहे हैं। ये समझते नहीं हैं, इन्होने सभी मर्दों का अपमान किया है। सारे मर्द बलात्कारी नहीं हैं। बाहर देश से आओ और महिला को रेप करो, हम क्या हैं? क्या समझते हो हमको? हम लोगों का रेप करोगे। ऐसे अपमान किया उन्होंने।”

COVID-19 Tracker LIVE Updates

संसद में राहुल के बयान पर आक्रामक तेवर दिखाने के लिए लॉकेट की भाजपा ने काफी तारीफ की थी। अब बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी संगठन स्तर पर बदलाव कर रही है। ऐसे में लॉकेट को सीएम के चेहरे पर प्रोजेक्ट भी किया जा सकता है। वे फिलहाल बंगाल के हुगली से लोकसभा सांसद हैं। उन्होंने लंबे समय तक बंगाली सिनेमा में अभिनेत्री के तौर पर काम किया। इसके बाद 2015 में वे भाजपा में शामिल हो गईं। पिछले तीन साल से वे बंगाल में पार्टी की महिला मोर्चा की अध्यक्ष रहीं।

2019 में भाजपा के केंद्र में चुनाव जीतने और पश्चिम बंगाल में बंपर सीट लाने में लॉकेट का अहम योगदान माना जाता है। उन्होंने राज्य में कई जगहों पर प्रचार किया। उनकी इसी मेहनत को देखते हुए भाजपा ने हाल ही में हुए फेरबदल में उनका प्रमोशन किया और महासचिव बना दिया। दूसरी तरफ नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते और बंगाल भाजपा के उपाध्यक्ष चंद्र कुमार बोस को पार्टी विरोधी स्टैंड के लिए हटाया गया है। बोस ने सीएए और एनआरसी को लेकर भाजपा के उलट बयानबाजी कर दी थी।