पिछले हफ्ते उत्तर प्रदेश, झारखंड, त्रिपुरा, पडुचेरी और मध्य प्रदेश में हुई मूसलाधार बारिश के बावजूद देश के 24 राज्य (केंद्र शासित प्रदेश सहित) बरसात के लिए तरस गए। इस बार के बंपर मानसून के अनुमान में अगस्त में भी अच्छी बारिश की बात कही गई थी। लेकिन 11 से 17 अगस्त के बीच सिर्फ 12 राज्यों में अत्यधिक या सामान्य वर्षा हुई। जहां तक ढाई महीने की बारिश का हाल है, वहां मौसम विभाग के अनुमान को पूरे नंबर मिलते हैं। कुल मिलाकर इस अवधि में 26 सूबों में सामान्य से अत्यधिक बरसात रेकार्ड की गई। सिर्फ 10 में अपर्याप्त वर्षा हुई।
यह जरूर कहा जा सकता हैं कि पिछले पांच साल में यह दूसरा मानसून है जिसमें सामान्य वर्षा हुई है लेकिन 2013 से तुलना करें तो यह ढाई महीने के हिसाब से यह जरा कमजोर रहा है। इस अवधि में 2013 मे सामान्य से 13 फीसद ज्यादा बारिश हुई थी जबकि इस साल यह सामान्य ही रही। भारतीय मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 11 से 17 अगस्त के बीच उत्तर प्रदेश में अत्यधिक बारिश दर्ज हुई। यहां सामान्य से 31 फीसद ज्यादा पानी बरसा। वहीं मध्य प्रदेश में सामान्य से एक फीसद बरसात अधिक हुई। हरियाणा में सामान्य से 10 फीसद पानी ज्यादा गिरा। झारखंड में बरसात सामान्य से 86 प्रतिशत अधिक हुई। महाराष्ट्र और गुजरात से बादल रूठ गए और वहां क्रमश: सामान्य से 73 और 82 फीसद कम बरसात हुई। दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब बरसात को तरस गए। यहां सामान्य से क्रमश: 40, 39 और 32 फीसद पानी कम बरसा।
अगर ढाई महीनों की बारिश की सेहत का जायजा लें तो राजस्थान में सामान्य से 39, यूपी में दो, उत्तराखंड में नौ, मध्य प्रदेश में 34 और महाराष्ट्र में 18 फीसद सामान्य से अधिक बारिश रेकॉर्ड की गई। देश में पिछले हफ्ते जिन चार सूबों में अत्यधिक बरसात हुई, उनमें उत्तर प्रदेश, झारखंड, त्रिपुरा और पडुचेरी शामिल हैं। सामान्य बारिश वाले आठ सूबों मेंं मिजोरम, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ शामिल हैं। ढाई महीनों में सिर्फ मध्य प्रदेश, राजस्थान और दादर व नागर हवेली में अत्यधिक बरसात हुई जबकि 23 राज्यों में सामान्य बरसात हुई। 10 सूबों में नाकाफी बारिश हुई। 11 से 17 अगस्त के बीच देशभर में 44.5 मिलीमीटर ही पानी बरसा जबकि सामान्य बारिश 62.4 मिलीमीटर तय है। यानी 28 फीसद पानी कम बरसा। वहीं ढाई महीनों में यानी 1जून से 17 अगस्त के बीच 606.2 मिलीमीटर बरसात हुई। यह सामान्य तय बारिश 606.8 मिलीमीटर के बराबर रही।