Weather Forecast: भारत मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और कोंकण के अन्य क्षेत्रों में भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। आईएमडी (मुंबई) की वरिष्ठ निदेशक शुभांगी भुते ने कहा, ‘‘पूर्वी मध्यप्रदेश पर निम्न दबाव बनने और संबद्ध चक्रवाती प्रवाह के चलते, मध्य महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र और घाट के इलाकों में अगले 48 घंटों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।’’ उन्होंने कहा कि हवा की गति 45 किमी से 55 किमी के बीच रहने की उम्मीद है। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘इसके अलावा, मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग के लिए अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया जा रहा है।” आज सुबह भारत मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारी ने कहा था कि विदर्भ क्षेत्र में अगले 48 घंटों के लिए ‘‘ऑरेंज अलर्ट’’ (भारी से बहुत भारी वर्षा का संकेत) जारी किया गया है। पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़ में अगले 24 घंटों में आंधी के साथ-साथ भारी बारिश का अनुमान है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि मध्य प्रदेश के छह जिलों- होशंगाबाद, बैतूल, हरदा, जबलपुर, नरसिंहपुर और सिवनी में अगले 24 घंटे में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। विभाग के अनुसार इन छह जिलों में शनिवार सुबह तक कहीं-कहीं पर अत्यधिक वर्षा होने का पूर्वानुमान है। इसके आलवा, मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 अन्य जिलों विदिशा, रायसेन, सीहोर, उज्जैन, देवास, कटनी, छिंदवाड़ा, मण्डला, बालाघाट, पन्ना, सागर एवं दमोह में अगले 24 घंटों में कहीं-कहीं पर अति भारी वर्षा होने की चेतावनी भी दी है। वहीं, मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 अन्य जिलों भोपाल, रीवा, सतना, अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, छतरपुर, टीकमगढ़, राजगढ़, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर एवं शिवपुरी में अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। अति भारी एवं भारी वर्षा होने का यह पूर्वानुमान शनिवार सुबह तक के लिए जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में अधिकतर स्थानों पर वर्षा या गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक-दो दिनों में बंगाल की खाड़ी में नया मानसूनी सिस्टम बन सकता है। इससे अगस्त में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। जून-जुलाई में सिस्टम न बन पाने की वजह से देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कमी दर्ज की गई थी।

Coronavirus in India Live Updates:

मौसम विभाग ने मुंबई में समंदर किनारे हाई टाइड की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 1.30 बजे 4.75 मीटर ऊँचा ज्वार समंदर में उठ सकता है। इसके साथ ही, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कोंकण क्षेत्र और मध्य महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश की भी भविष्यवाणी की है। मुंबई में शुक्रवार और शनिवार को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।आईएमडी ने कहा है कि पालघर में 24 अगस्त तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि रायगढ़ के लिए मौसम विभाग ने बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Live Blog

06:05 (IST)22 Aug 2020
आंध्र प्रदेश में बाढ़ के कारण चार लोगों की मौत

गोदावरी नदी में शुक्रवार को एक बार फिर उफान आने के बीच आंध्र प्रदेश में बाढ़ के कारण चार लोगों की मौत हो गई। पूर्वी गोदावरी जिले में सर आर्थर कॉटन बांध पर पानी खतरे के तीसरे निशान के करीब पहुंच गया। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ संबंधी घटनाओं के चलते पूर्वी गोदावरी जिले में तीन लोगों की मौत हुई और पड़ोसी जिले पश्चिमी गोदावरी में एक व्यक्ति की मौत हुई।

04:44 (IST)22 Aug 2020
बिहार में बाढ़ से 16 जिलों की 81.79 लाख आबादी प्रभावित

बिहार में बाढ से अब तक 16 जिलों की 8179257 आबादी प्रभावित है और 27 लोगों की मौत हो चुकी है। आपदा प्रबंधन विभाग से शुक्रवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक 16 जिलों की 1317 पंचायतों की 8179257 आबादी बाढ से प्रभावित है। बाढ़ के कारण विस्थापित लोगों को भोजन कराने के लिए 443 सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गयी है जहां 325610 लोगों को भोजन कराया गया है ।

03:46 (IST)22 Aug 2020
बारिश से बिहार में बाढ़ की स्थिति गहराई

बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उत्तर भारत के राज्यों में बारिश से बिहार की नदियों में उफान आ रही है। 

00:50 (IST)22 Aug 2020
दिल्ली एनसीआर में गर्मी से थोड़ी राहत

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। शुक्रवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश से मौसम ठंडा हुआ है।   

21:30 (IST)21 Aug 2020
ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड में मानसून सक्रिय

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड में मानसून सक्रिय है। इसकी वजह से इन राज्यों के अलावा उत्तर भारत में भी बारिश हो रही है। आने वाले दो-तीन दिनों में मध्य प्रदेश से लेकर गुजरात तक भीषण बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है। गुजरात के सौराष्ट्र, कच्छ और अंदरूनी हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान में भारी बारिश से जल जमाव की स्थिति देखने को मिल सकती है।

20:06 (IST)21 Aug 2020
उप्र में पश्चिमी हिस्सों के अनेक इलाकों में हुई बारिश:

उत्तर प्रदेश में मानसून की स्थिति सामान्य है और पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पश्चिमी भागों में अनेक स्थानों पर वर्षा हुई। आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में मानसून की सक्रियता सामान्य है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी इलाकों में अनेक स्थानों पर जबकि पूर्वी हिस्सों में कुछ जगहों पर बारिश हुई। इस अवधि में बिजनौर में सबसे ज्यादा 11 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा मवाना (मेरठ) में आठ, सहारनपुर में सात, धामपुर (बिजनौर), ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद), अमरोहा (जेपी नगर) में पांच-पांच सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गयी। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्सों में अनेक स्थानों पर जबकि पश्चिमी भागों में कुछ स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान है। अगले 48 घंटों के दौरान भी यह सिलसिला जारी रहने की सम्भावना है।

19:00 (IST)21 Aug 2020
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना

मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारी ने कहा कि विदर्भ क्षेत्र में अगले 48 घंटों के लिए ‘‘ऑरेंज अलर्ट’’ (भारी से बहुत भारी वर्षा का संकेत) जारी किया गया है। पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़ में अगले 24 घंटों में आंधी के साथ-साथ भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी(मुंबई) के उपमहानिदेशक के एस होसलिकर ने ट्वीट किया,‘‘कल भी रुख इसी तरह का होगा। विदर्भ में अगले 48 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। इससे पहले, मुंबई और ठाणे में पिछले 24 घंटों में शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक भारी से मध्यम बारिश दर्ज हुई। विभाग के अनुसार, रायगढ़ जिले से सटे माथेरान वेधशाला में इस अवधि में 122.20 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि रायगढ़ जिले के अलीबाग मौसम केंद्र में 49 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि तटीय कोंकण क्षेत्र में रत्नागिरी जिले में 83.6 मिमी बारिश हुई। पालघर जिले में दहानू वेधशाला में 67.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 

17:34 (IST)21 Aug 2020
दिल्ली-एनसीआर में बारिश

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने फिर करवट ली और कई जगहों पर हल्की बारिश देखने को मिली। नोएडा और दिल्ली के कई इलाकों में बारिश की फुहार से मौसम ठंडा हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली।

16:59 (IST)21 Aug 2020
पिथौरागढ़ में बारिश के चलते मकान गिरा, दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में बारिश के चलते शुक्रवार तड़के एक मकान ढह जाने से एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों की मृत्यु हो गयी। वहीं, जिले में ही भूस्खलन के कारण चार दिन से लापता एक महिला का आज शव बरामद हो गया। इस बीच, राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार जारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से चारधाम सहित कई मार्गों पर आवाजाही रुक गयी है। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी वीके जोगदंडे ने बताया कि तड़के करीब तीन बजे चैसार गांव में एक मकान ढहने से कुशलनाथ (27) और उनके दो बच्चों की मृत्यु हो गयी। घटना में उनकी पत्नी निधि (25) घायल हुई हैं। बच्चों की पहचान चार वर्षीय धनंजय और दो वर्षीय निकिता के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मकान पुराना होने की वजह से ढह गया। जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर मलबे से शवों को बाहर निकाला। निधि को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाला गया। पिथौरागढ़ जिले में ही धारचूला तहसील के जुम्मा गांव में बारिश के कारण भूस्खलन होने से लापता हुई एक महिला का चार दिन बाद आज शव बरामद हुआ।

16:07 (IST)21 Aug 2020
मुंबई में समंदर किनारे हाई टाईड की चेतावनी

मुंबई में आज भी तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने  अनुमान जताया है कि मुंबई और थाने समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रह सकती है। तेज बारिश और कोरोना ने गणेश महोत्सव का रंग फीका कर दिया है। शनिवार से दस दिनों का गणपति उत्सव शुरू हो रहा है। मौसम विभाग ने मुंबई में समंदर किनारे हाई टाईड की चेतावनी जारी की है।

14:57 (IST)21 Aug 2020
मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट

मौसम विभगा ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, गुजरात, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और असम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

12:47 (IST)21 Aug 2020
बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब गहराया

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब का केंद्र और मजबूत हो गया है। इसकी वजह से बारिश का दौर मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में जारी रह सकता है। उड़ीशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, महारष्ट्र में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर के इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। एमपी और छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन तक भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान और गुजरात में भी अच्छी बारिश की संभावना है।

12:24 (IST)21 Aug 2020
मुंबई में दोपहर आ सकता है हाई टाइड, रायगढ़ में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने मुंबई में समंदर किनारे हाई टाइड की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 1.30 बजे 4.75 मीटर ऊँचा ज्वार समंदर में उठ सकता है। इसके साथ ही, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कोंकण क्षेत्र और मध्य महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश की भी भविष्यवाणी की है। मुंबई में शुक्रवार और शनिवार को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।आईएमडी ने कहा है कि पालघर में 24 अगस्त तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि रायगढ़ के लिए मौसम विभाग ने बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

11:51 (IST)21 Aug 2020
मुंबई में आज भी तेज बारिश, गणेश उत्सव पर असर

मुंबई में आज भी तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अनुमान जाहिर किया है कि मुंबई और थाने समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रह सकती है। तेज बारिश और कोरोना ने गणेश महोत्सव का रंग फीका कर दिया है। शनिवार से दस दिनों का गणपति उत्सव शुरू हो रहा है।

10:54 (IST)21 Aug 2020
बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड में मानसून सक्रिय है। इसकी वजह से इन राज्यों के अलावा उत्तर भारत में भी बारिश हो रही है। आने वाले दो-तीन दिनों में मध्य प्रदेश से लेकर गुजरात तक भीषण बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है। गुजरात के सौराष्ट्र, कच्छ और अंदरूनी हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान में भारी बारिश से जल जमाव की स्थिति देखने को मिल सकती है।

10:16 (IST)21 Aug 2020
बिहार- दरभंगा जिले की 20 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित

दरभंगा जिला में सबसे अधिक 15 प्रखंडों के 227 पंचायतों की 20,61,700 आबादी बाढ से प्रभावित हुई है। बिहार के बाढ प्रभावित इन जिलों में बचाव और राहत कार्य चलाए जाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 26 टीमों की तैनाती की गयी है । बिहार के इन जिलों में बाढ का कारण विभिन्न नदियों के जलस्तर में वृद्धि है । जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बागमती नदी सीतामढी, मुजफ्फरपुर एवं दरभंगा में, बूढी गंडक नदी समस्तीपुर एवं खगडिया में, गंगा नदी पटना एवं भागलपुर में, खिरोई दरभंगा में और घाघरा नदी सिवान में बृहस्पतिवार को खतरे के निशान से उपर बह रही है ।जल संसाधन विभाग के अनुसार विभाग के अंतर्गत सभी बाढ से बचाव वाले बांध सुरक्षित हैं । बाढ के कारण विस्थापित लोगों को भोजन कराने के लिए 443 सामूदायिक रसोई की व्यवस्था की गयी है जहां 325610 लोगों को भोजन कराया गया है ।

08:48 (IST)21 Aug 2020
बिहार में बाढ़ से 27 की मौत

बिहार में बाढ से अबतक 27 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 16 जिलों की 81,79,257 आबादी इससे प्रभावित है। आपदा प्रबंधन विभाग से बृहस्पतिवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक बाढ से दरभंगा जिले में सबसे अधिक ग्यारह लोगों, मुजफ्फरपुर में छह, पश्चिम चंपारण में चार तथा खगडिया, सारण एवं सिवान में दो—दो व्यक्ति और 86 मवेशी की अबतक मौत हो चुकी है। बिहार के 16 जिलों में 1317 पंचायतों की 81,79,257 आबादी बाढ से प्रभावित है।

08:22 (IST)21 Aug 2020
22-23 अगस्त को भारी बारिश की संभावना

यूपी के नजीबाबाद 14, हरैया में 13, हापुड़ और ठाकुरद्वारा में 11—11, बिधूना में सात, बस्ती में छह, गाजियाबाद, सिकन्दराबाद और ललितपुर में पांच—पांच सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। आगामी 22 और 23 अगस्त को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अनेक स्थानों पर जबकि पश्चिमी भागों में कुछ जगहों पर वर्षा होने की सम्भावना है।

07:32 (IST)21 Aug 2020
यूपी में मानसून सक्रिय

उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बरकरार है और पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी इलाकों में अनेक स्थानों पर जबकि पूर्वी भागों में कुछ जगहों पर बारिश हुई। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। इस दौरान बिजनौर में सबसे ज्यादा 25 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गयी।

21:44 (IST)20 Aug 2020
मुजफ्फरनगर जिले में भारी बारिश

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में भारी बारिश के कारण गंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि के बाद बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया गया है। राज्य के सिंचाई विभाग में कनिष्ठ अभियंता अशोक जैन के मुताबिक, गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि जिले की पांच बाढ़ चौकियां रामराज, देवल, लालपुर, चुहापुर और रेहड़वा गांव में हैं।

21:16 (IST)20 Aug 2020
भारी बारिश से गोदावरी नदी का पानी फिर खतरे के निशान की ओर

गोदावरी नदी के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के कारण बृहस्पतिवार को नदी के जलस्तर में फिर से वृद्धि होने लगी है और पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है। सूत्रों के अनुसार नदी के जलस्तर में वृद्धि होने से आंध्र प्रदेश के दोव्लेश्वरम स्थित सर आर्थर कॉटन बराज में पानी का प्रवाह बढ़ सकता है। दूसरी ओर कृष्णा नदी भी पूरे उफान पर है और श्रीशैलम जलाशय लगभग पूरी तरह से भर गया है। जलाशय के सात गेट खोल दिए गए और दोनों तटों पर दो स्टेशनों में बिजली उत्पादन के बाद 3.84 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। नागार्जुन सागर बांध में भी शुक्रवार सुबह तक जलस्तर बढ़ने का अनुमान है। बुधवार देर रात पड़ोसी तेलंगाना के भद्राचलम में गोदावरी का जलस्तर चेतावनी स्तर से लगभग 43 मीटर नीचे गिर गया था। लेकिन भारी बारिश के बाद इसमें फिर से वृद्धि हो गयी और यह खतरे के निशान के करीब पहुंच गया।

20:41 (IST)20 Aug 2020
महाराष्ट्र के विदर्भ को छोड़कर कई इलाकों में बारिश देखने को मिली

महाराष्ट्र के विदर्भ को छोड़कर महाराष्ट्र, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा, कोंकण गोवा में आज बादल बहुत कम नजर आए। हालांकि, उत्तर में पालघर से लेकर दक्षिण में रायगढ़ और गोवा व नासिक, पुणे, सांगली, सातारा जैसे क्षेत्रों में मानसूनी वर्षा देखने को मिली। 

19:58 (IST)20 Aug 2020
पटना में धूप-छांव के कारण उमस भरी गर्मी से राहत मिली

राजधानी पटना में गुरुवार को सुबह से ही धूप-छांव के कारण उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है। सुबह नौ बजे के बाद से आकाश में हल्के बादल छाए रहने के कारण भादो की चुभन भरी तीखी धूप से राहत है। रुक-रुककर करीब 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा सुकून देने वाली है। इससे बारिश होने का भ्रम हो सकता है मगर इससे बारिश नहीं होनेवाली है।

19:34 (IST)20 Aug 2020
कानपुर के मौसम का हाल

बारिश का इंतजार कर रहे कानपुर के शहरवासियों को पूरे दिन उमस ने बेहाल किया, सुबह आसमान में बादल तो छाए लेकिन निराश करके उड़ गए। बारिश न होने से तेज धूप और गर्मी की वजह से लोग पसीने से तरबतर रहे। भीषण उमस में कूलर और पंखे भी राहत देने नाकाम साबित हुए। बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को तापमान भी बढ़ गया। हालांकि मौसम विभाग अभी बारिश की संभावना जता रहा है।

18:53 (IST)20 Aug 2020
रांची, धनबाद और कई इलाकों में झमाझम बारिश से जन-जीवन अस्‍त व्‍यस्‍त

रांची, धनबाद और कई इलाकों में झमाझम बारिश से जन-जीवन अस्‍त व्‍यस्‍त हो गया है। रांची समेत आसपास के इलाके में हो रही बारिश से आमलोगों को रोजमर्रा के काम के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही तेज हवा और बारिश से शहर में बिजली व्यवस्था भी ठप हो गयी है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले दो दिनों तक बारिश होती रहेगी।

18:27 (IST)20 Aug 2020
रांची समेत पूरे राज्य में एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो गया है

बुधवार को आधी रात के बाद से रांची समेत पूरे राज्य में एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो गया है। गुरुवार सुबह से ही पूरे राज्‍य में जगह-जगह लगातार बारिश हो रही है। रांची, धनबाद और कई इलाकों में झमाझम बारिश से जन-जीवन अस्‍त व्‍यस्‍त हो गया है। रांची समेत आसपास के इलाके में हो रही बारिश से आमलोगों को रोजमर्रा के काम के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही तेज हवा और बारिश से शहर में बिजली व्यवस्था भी ठप हो गयी है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले दो दिनों तक बारिश होती रहेगी।

17:57 (IST)20 Aug 2020
दिल्ली में तेज बारिश..

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को भी बारिश जारी रहने से कई इलाकों और प्रमुख मार्गों पर पानी भरा रहा, जिससे सुबह-सुबह यातायात बाधित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को भी शहर में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। 

17:33 (IST)20 Aug 2020
दिल्ली के आस पास के इन इलाकों में जोरदार बारिश

IMD ने ट्वीट करते हुए बताया, 'पूरी दिल्ली, आईजीआई एयरपोर्ट, दादरी, गाजियाबाद, एटा, नोएडा, ग्रेटर-नोएडा, बल्लभगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, सोहना, मोदीनगर, मेरठ, सियाना, गोहाना के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। 

17:00 (IST)20 Aug 2020
जम्मू-कश्मीर में मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव

पिछले 48 घंटों से रूक-रूककर हो रही बारिश की वजह से जम्मू-कश्मीर में मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव आया है। हालांकि जम्मू में हवा में 80 से 96 प्रतिशत नमी रही। धूप निकलने पर इस आर्द्रता ने पसीने तो छुड़ाए लेकिन तापमान में आई हल्की गिरावट के चलते धूप कम होने पर मौसम राहत भरा रहा।

16:39 (IST)20 Aug 2020
मॉनसून देश के अधिकांश हिस्सों में,जून में कई राज्यों में इसने अच्छी बारिश

मॉनसून 2020 महज़ 28 दिनों में केरल से पश्चिमी राजस्थान के उस आखिरी छोर तक पहुँच गया था जहां तक पहुँचने में 40-45 दिन लग जाते हैं। इस साल मॉनसून न सिर्फ देश के अधिकांश हिस्सों में समय से पहले आया बल्कि जून में कई राज्यों में इसने अच्छी बारिश।

16:11 (IST)20 Aug 2020
उत्‍तराखंड के नौ जिलों में भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को उत्‍तराखंड के नौ जिलों में भारी बारिश की आशंका है। विशेषकर पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली के लिए विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।

15:53 (IST)20 Aug 2020
5 गर्म शहरों की सूची में सबसे ऊपर रहा तमिलनाडु का मदुरई

पिछले 24 घंटों के दौरान देश के 5 गर्म शहरों की सूची में सबसे ऊपर रहा तमिलनाडु का मदुरई, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मदुरई के अलावा राजस्थान के फलौदा में 39, तमिलनाडु के तूतीकोरिन में 39, राजस्थान के बीकानेर में 38.6 और गंगानगर में भी 38.6 तापमान नोट किया गया है। 

15:15 (IST)20 Aug 2020
गंगा का जलस्तर फिर से चेतावनी रेखा के पार

हरिद्वार में गंगा का जलस्तर फिर से चेतावनी रेखा के पार पहुंच गया है। बुधवार सुबह भी गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा को पार कर गया था, लेकिन शाम 6 बजे के बाद वह घटकर नीचे चला गया था। गुरुवार सुबह 6 बजे गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा के ऊपर रहा।

 

14:48 (IST)20 Aug 2020
आज भी बंद है केदारनाथ यात्रा

केदारनाथ यात्रा आज गुरुवार को दूसरे दिन भी बंद है। पैदल मार्ग और हाईवे पर आवजाही पूरी तरह बंद है। केदारघाटी में गत रात्रि को तेज बारिश हुई है। उधर, उत्तरकाशी में रात के समय जनपद में हल्की बारिश हुई है। गंगोत्री हाईवे स्वारी गाड़ के पास बाधित है, जबकि यमुनोत्री हाईवे कुथनौर और पाली गाड़ के पास अवरुद्ध है।

14:26 (IST)20 Aug 2020
भूस्‍खलन से बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ और क्षेत्रपाल में बंद

चमोली में भूस्‍खलन से बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ और क्षेत्रपाल में बंद है। आज सुबह बदरीनाथ हाईवे पर पागलनाला में जोशीमठ आ रही एक बस के टायर सड़क पर धंस गए। रुद्रप्रयाग में गौरीकुंड हाईवे भूस्‍खलन से बांसवाड़ा, डोलिया देवी, मुनकटिया चंडिकाधारा, गौरीकुंड पार्किंग के समीप अवरुद्ध चल रहा है। 

13:28 (IST)20 Aug 2020
राजस्थान-गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग ने 21 और 22 अगस्त यानी शुक्रवार और शनिवार को पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा गुजरात में भी 22 और 23 फरवरी को भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक इस क्षेत्र में मानसूल ट्रफ होने की वजह से बारिश का दौर पूरे हफ्ते तक जारी रह सकता है। अरब सागर से आने वाली हवाओं के प्रभाव की वजह से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भारी बारिश की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना विभाग ने जताई है।

13:18 (IST)20 Aug 2020
कई जगह गिरे पेड़

ककई स्थानों पर लोग पानी भरे मार्गों पर वाहनों चालक और पैदल यात्री जूझते दिखे। पुलिस ने कहा कि दक्षिण दिल्ली के साकेत में जे-ब्लॉक में एक स्कूल की दीवार गिरने से सात कार क्षतिग्रस्त हो गईं। मौसम विभाग ने दिन में बारिश के संबंध में दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने कहा कि दिल्ली में किराड़ी, बुराड़ी और रोहिणी समेत 16 विभिन्न क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति रही। सात विभिन्न स्थानों पर पेड़ गिरे और आठ स्थानों पर इमारतों के हिस्से गिर पड़े। सात विभिन्न स्थानों पर पेड़ गिरे और आठ स्थानों पर इमारतों के हिस्से गिर पड़े।

12:48 (IST)20 Aug 2020
जयपुर एक्सप्रेसवे पर पानी जमा, रेंग रही ट्रैफिक

भापी बारिश से दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर भारी जलजमाव हो गया है। इसकी वजह से ट्रैफिक बाधित हुई है। घुटने पर पानी में गाड़ियां पास कर रही हैं। 

11:58 (IST)20 Aug 2020
सामान्य से चार फीसदी ज्यादा हुई बारिश

पिछले 24 घंटे में दिल्ली-एनसीआर समेत गुजरात, पूर्वी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक, गोवा और असम में हल्की से मध्यम और भारी बारिश हुई। मौसम एजेंसियों के मुताबिक, देशभर में अब तक बारिश सामान्य से 4 फीसदी ज्यादा है। कई राज्यों में भारी बारिश का सितम जारी है। देशभर में नदियां उफान पर हैं। मौसम एजेंसियों के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।

11:06 (IST)20 Aug 2020
मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब का केंद्र और मजबूत हो गया है। इसकी वजह से बारिश का दौर मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में जारी रह सकता है। उड़ीशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, महारष्ट्र में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर के इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। एमपी और छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन तक भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान और गुजरात में भी अच्छी बारिश की संभावना है।