Delhi-NCR Weather Forecast Update: मैदानी इलाकों में अभी तक लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली है। भारतीय मौसम विभाग की तरफ से आने वाली 31 जनवरी को देश की राजधानी नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। IMD की साइंटिस्ट सोमा सेन ने कहा कि हमें 31 जनवरी को दिल्ली में बहुत हल्की बारिश या बहुत हल्की गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
उन्होंने आगे कहा कि हम दिन प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वार्निंग में कोई अपग्रेड या डाउनग्रेड होता है तो इसके बारे में हम जानकारी देंगे। मैदानी इलाकों में एक्टिव WD की वजह से हम कोहरे में कमी की उम्मीद कर रहे हैं।
IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में भी इजाफा होगा। दिल्ली और पूरे उत्तर पश्चिम भारत में आने वाले तीन-चार दिनों में दो से चार डिग्री टेंपरेचर बढ़ने का अनुमान है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया कि बादल छाए रहने की वजह से अधिकतम तापमान मामूली गिर सकता है।
कश्मीर में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर की कश्मीर घाटी में बर्फबारी हुई है। बर्फबारी होने से टूरिज्म सेक्टर से जुड़े लोगों के चेहरे खिल गए हैं। अच्छी बर्फबारी न होने की वजह से इस बार कश्मीर टूरिज्म के लोगों में उदासी छा गई थी। भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कश्मीर में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में कुपवाड़ा, बांदीपोरा, बारामूला, गांदरबल, शोपियां, कुलगाम और अनंतनाग जिलों के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा में कुछ राहत
हरियाणा और पंजाब में सोमवार को आम लोगों को ठंड से मामूली राहत मिली। दोनों राज्यों में सोमवार को कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा। IMD के अनुसार, चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा में 6.6 डिग्री तापमान के साथ रात में कड़ाके की ठंड महसूस की गई।