दिल्ली में 30 जून या एक जुलाई को मानसून की पहली बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राजधानी में दक्षिण पश्चिमी मानसून का आगमन आमतौर 27 जून तक होता है।आइएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने कहा कि 30 जून को शहर में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। गुरुवार या शुक्रवार को मानसून के आगमन की घोषणा की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटे में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश , हरियाणा और दिल्ली के बाकी हिस्सों में मानसून के बढ़ने की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में पूर्वा हवाओं के चलने में वृद्धि हुई है और आर्द्रता बढ़ी है। जेनामनी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में उमस बढ़ी है हालांकि, तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस के बीच कायम है। उन्होंने बताया कि मानसून से पहले की गतिविधि के चलते बुधवार शाम को राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश होने की उम्मीद है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। आइएमडी ने 30 जून को शहर में मध्यम बारिश का ‘आरेंज’ अलर्ट जारी किया है। उन्होंने कहा कि एक जुलाई को अधिकतम तापमान घटकर 33-34 डिग्री सेल्सियस रह जाएगा।