योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की लगातार दूसरी बार शपथ ली। इस दौरान सीतापुर सदर सीट से विधायक राकेश राठौर ने मंत्री पद की शपथ ली। राकेश का मंत्री बनने तक का सफर काफी संघर्ष से भरा रहा है। वह कभी साइकिल का पंक्चर लगाया करते थे। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और आज मंत्री बनगए।
चुनाव से ठीक पहले सीतापुर सदर सीट से भाजपा विधायक बगावत करके समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। उनका नाम भी राकेश राठौर था। इसके बाद भाजपा ने सीतापुर सदर सीट से आज मंत्री पद की शपथ लेने वाले राकेश राठौर को अपना उम्मीदवार बनाया। उन्होंने यहां से जीत भी दर्ज की।
राकेश ने चार बार के विधायक राधेश्याम जायसवाल को हराया और पहली बार विधायक बने। उनका परिवार मूल रूप से मिश्रिख का रहने वाला है। वह सीतापुर के दुर्गापुरवा मुहल्ले में रहते हैं। वह आठवीं पास हैं। जानकारी के अनुसार राकेश का अभी इनवर्टर की दुकान है।
योगी आदित्यनाथ कैबिनेट 2.0 ने उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के पहले कार्यकाल से 24 मंत्रियों को हटाकर नए चेहरों को जगह दी। राज्य में भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल में स्थान पाने में विफल रहने वाले मंत्रियों में दिनेश शर्मा, सतीश महाना, आशुतोष टंडन, श्रीकांत शर्मा, सिद्धार्थ नाथ सिंह और अन्य शामिल है।
योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में लगातार दूसरी बार शपथ ली। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कुल 52 मंत्रियों ने शुक्रवार को शपथ ली। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य में अपने सहयोगियों के साथ कुल 255 सीटें जीती थीं।