UP Politics: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओप प्रकाश राजभर ने एक बार फिर से सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर ने कहा कि समाजवार्दी पार्टी आज के वक्त में अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार रही है। सुभासपा प्रमुख ने इसके पीछे की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव में लोगों को साथ लेकर चलने की कला नहीं है।

सुभासपा प्रमुख ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबको साथ लेकर चलने का काम कर रही है। वो कला समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के पास नहीं है। इस दौरान राजभर अपनी तारीफ करने से भी नहीं चूके। उन्होंने कहा कि अब लोगों को इस बात का प्रमाण मिल गया है कि राजभर अपने इलाके से लोगों जीत दिला देते हैं। उन्होंने कहा कि जब हम बीजेपी के साथ रहे तो बीजेपी की सीटों की संख्या में इजाफा हुआ। यही समाजवादी पार्टी को फायद हुआ, लेकिन सपा प्रमुख में लोगों को साथ लेकर चलने की कला नहीं है। उसमें वो अभी कच्चे खिलाड़ी हैं।

राजभर ने आगे कहा, “सीएम योगी ने भी कहा कि सपा के लिए मायावती भी गलत थीं, सोनिया भी गलत थीं, चौधरी चरण सिंह भी गलत थे, चाचा भी गलत थे और अब राजभर भी गलत हो गए. समाजवादी पार्टी को अपनों की पहचान नहीं है।”

राजभर की पार्टी ने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) से हाथ मिलाया और छह सीटें जीतीं। उस चुनाव में राजभर ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ‘खेला होबे’ के नारे की तर्ज पर ‘खड़ेदा होबे’ का नारा दिया था। यह राज्य सत्ता से भाजपा को ‘बाहर निकालने’ का आह्वान था।

बता दें, सुभासपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 भाजपा के साथ गठबंधन में लड़ा था और चार सीटें जीतीं थीं। राजभर को गठबंधन के सहयोगी के तौर पर कैबिनेट मंत्री बनाया गया था, लेकिन उन्होंने पिछड़ों और वंचितों के साथ अन्याय का आरोप लगाते हुए सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ही खिलाफ मोर्चा खोल लिया था। इसकी वजह से सरकार के सामने कई बार असहज स्थिति अभी पैदा हुई थी।

लगातार तल्खी के बाद 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले राजभर ने भाजपा गठबंधन से नाता तोड़ लिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया था। अब एक बार राजभर एनडीए का हिस्सा बन गए हैं।