UP: 1999 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ की स्टोरी से मिलता-जुलता एक मामला उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को जब पता चला कि उसकी पत्नी का अफेयर उसके किसी दूसरे शख्स से है तो उसने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी। देवरिया में इस जोड़े की शादी को एक साल हुआ था, लेकिन उस व्यक्ति को यह नहीं पता था कि उसकी पत्नी का बिहार के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार की रात महिला का प्रेमी आकाश शाह उससे मिलने के लिए उसकी ससुराल देवरिया पहुंचा। घटना की जानकारी जब स्थानीय लोगों को हुई तो उन्होंने आकाश शाह को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। महिला का प्रेमी बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है।
पूछताछ में प्रेमी ने किया खुलासा
पूछताछ में आकाश शाह ने बताया कि वह दो साल से महिला के साथ रिलेशनशिप में था। दूसरे आदमी से शादी के बाद भी वह उसे भूल नहीं पा रहा था। फिर उसने उससे मिलने का फैसला किया और उसके घर पहुंच गया। इसके बाद इस पूरे घटनाक्रम ने अजीब मोड़ लिया।
महिला के पति ने कोई हंगााम या विवाद करने के बजाय पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराने का फैसला किया। पुलिस ने बताया कि पत्नी ने अपने पति से अलग होकर अपने प्रेमी के साथ जाने की गुहार लगाई। जिसके बाद पति सहमत हो गया और उसकी शादी करा दी। दोनों परिवारों से सहमति के बाद शख्स अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को एक मंदिर में ले गया और उनकी शादी करा दी। फिर उसने उन्हें उसी मोटरसाइकिल पर विदा किया जिस पर प्रेमी आया था।
क्या है हम दिल दे चुके सनम फिल्म की स्टोरी
बता दें, ‘हम दिल दे चुके सनम’ फिल्म में एक नवविवाहित व्यक्ति को पता चलता है कि उसकी पत्नी किसी अन्य आदमी से प्यार करती है और वह उन्हें मिलाने का फैसला करता है। उपहास से बेपरवाह, वह अपनी पत्नी को उसके प्यार की तलाश में इटली ले जाता है। यह फिल्म 18 जून, 1999 में आई थी। जिसके निर्देशक संजय लीला भंसाली है। इस्माइल दरबार, महबूब कोतवाल, अंजन बिस्वास इसमें संगीतकार हैं।