उत्तर प्रदेश के उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने रंग बदलने में गिरगिट को भी पीछे छोड़ दिया है। बीजेपी के सेक्टर संयोजक कार्यक्रम में साक्षी महाराज ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष कभी ‘जनेऊधारी’ पंडित बनते हैं, कभी शिवभक्त हो जाते हैं, कभी कुछ और करने लगते हैं। उन्होंने तो रंग बदलने में गिरगिट को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक सक्रिय राजनीति करूंगा, उन्नाव से ही चुनाव लडूंगा।
कुंभ मेले के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के संगम में स्रान करने के लिए जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि अब राजनीतिज्ञ यह जान चुके हैं कि जो हिंदू हित की बात करेगा, वही देश में राज करेगा, इसीलिए वह भेष बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो राम को कल्पित कहते हैं वे अपने आप को शिव भक्त कैसे कहने लगे, जो बाबाओं, भगवाधारियों को आंतकवादी कहते थे, वह कुंभ क्यों जाने लगे। क्योंकि अब राजनीतिज्ञों को यह पता चल गया है कि इस देश में राजनीति वह करेगा जो हिंदू हित की बात करेगा, इसीलिए वह भेष बदल रहे हैं।
इसके अलावा साक्षी महाराज ने कहा कि राहुल गांधी राजनीति में फेल हुए हैं, इसलिए प्रियंका को लाए हैं। लेकिन, वह भी सफल नहीं हो पाएंगी। गौरतलब है कि मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बीजेपी यूपी में अपने कई सांसदों के टिकट काट सकती है जिसमें साक्षी महाराज भी शामिल हैं। इसी के मद्देनजर साक्षी ने बयान दिया कि वे चुनाव लड़ेंगे तो उन्नाव से, नहीं तो राजनीति से सन्यास ले लेंगे। साक्षी महाराज कई बार अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्ख़ियों में रहें हैं।

