राजनीति में गहरी पैठ रखने वाले राज्य सभा सांसद अमर सिंह ने बुधवार को अपनी पुश्तैनी जमीन और मकान राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े संगठन राष्ट्रीय सेवा भारती को दान कर दी। अमर सिंह की यह संपत्ति आजमगढ़ के लालगंज तहसील के तरवां क्षेत्र में स्थिति थी। लालगंज तहसील के उप निबंधक सुनील कुमार के अनुसार अमर सिंह की इस संपत्ति की सरकारी मालियत 2 करोड़ 91 लाख 55 हजार है। अमर सिंह ने कहा कि वह अपनी संपत्ति अपने पिता के याद में समर्पित कर रहे हैं।दान की गई संपत्ति में 10 बीघा खेत और मकान शामिल हैं।
इतना ही नहीं अमर सिंह के इस घर में बुलेटप्रूफ खिड़की और लिफ्ट भी लगे थे। रजिस्ट्री के समय राष्ट्रीय सेवा भारती राष्ट्रीय महामंत्री ऋषिपाल सिंह और ट्रेजरार मुकेश कुमार शर्मा ने अमर सिंह ने हस्ताक्षर कर प्रक्रिया पूरी की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री ऋषिपाल सिंह ददवाल ने बताया कि अमर सिंह द्वारा दान की गई संपत्ति पर सेवा भारती ठाकुर हरिश्चंद्र सेवा केंद्र की स्थापना की जाएगी संपत्ती दान करने के बाद पूछे गए सवाल पर अमर सिंह ने कहा कि आजमगढ़ की धरती मौलाना शिबली, राहुल सांकृत्यायन और कैफी आजमी जैसे लोगों की धरती रही है लेकिन अब यहां धर्म और राजनीति की गंदी राजनीति हो रही है।
प्रियंका गांधी के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह भारतीय मूल की प्रखर और मेहनती महिला हैं लेकिन उनके लिए दिल्ली अभी इतना आसान नहीं है।पुलवामा हमले के बाद पीएम द्वारा उठाए गए कदमों की तारीफ करते हुए अमर सिंह ने कहा कि पहले सेना को गोली चलाने के लिए आदेश देना पड़ता था लेकिन मोदी सरकार में सेना को खुली आजादी है।इस दौरान अमर सिंह ने सपा महासचिव बलराम यादव पर भी टिप्पणी की। अमर सिंह ने कहा कि बलराम बीमार आदमी है, जो घोटाला करके पूरे प्रदेश की दवा खा गए और अभी तक स्वस्थ नहीं हुए।

