प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल सिंह यादव प्रदेश की राजनीति में तहलका मचाए हुए हैं। हर दिन किसी बयानों से या किन्हीं कदमों के कारण वो चर्चा में रहते हैं। हाल ही में शिवपाल सिंह यादव ने सीतापुर जेल में बंद आजम खान से मुलाकात की थी। शिवपाल यादव और आजम खान की मुलाकात के बाद प्रदेश की राजनीति अलग करवट ले रही है। वहीं अब ओमप्रकाश राजभर ने शिवपाल सिंह यादव पर निशाना साधा है और उन्हें दो मुहा सांप बताया है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, “नेता दो मुहा सांप होते हैं। अभी तक चर्चा थी कि 19 तारीख को भाजपा ज्वाइन करेंगे, लेकिन आज 22 तारीख हो गई। उन्होंने जेल में बंद आजम खान से मुलाकात की है। जेल में बंद किसी व्यक्ति से कोई भी मिल सकता है, उससे राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। लेकिन शिवपाल जी को पहले तय करना चाहिए कि जा कहां रहे हैं। भाजपा में शामिल हो रहे हैं या फिर अलग मोर्चा बना रहे हैं।”
ओपी राजभर ने आगे कहा कि, “प्रदेश में समाजवादी पार्टी का गठबंधन सबसे मजबूत है। चाहे ओमप्रकाश राजभर हों, जयंत चौधरी हों, कृष्णा पटेल हों, संजय चौहान हों या प्रेमचंद प्रजापति हों, सभी समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं और हमारा गठबंधन सबसे मजबूत है। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने ही भाजपा से मुकाबला किया। कांग्रेस और बसपा भी कहीं नहीं दिखी। ऐसे में कोई नया मोर्चा बना कर भी क्या करेगा?”
हालांकि ओपी राजभर को अभी भी उम्मीद है कि शिवपाल सिंह यादव, अखिलेश यादव के साथ आएंगे। उन्होंने कहा कि, “परिवार विचारों से एक है। 2022 विधानसभा चुनाव के पहले भी लोग कह रहे थे कि शिवपाल-अखिलेश एक नहीं हो सकते। लेकिन बाद में सभी एक हुए। यह झगड़ा परिवार का है और जहां पर 10 लोग रहते हैं वहां पर कुछ खटपट होती है।”
बता दें कि कुछ दिन पहले जयंत चौधरी ने भी जेल में बंद आजम खान के परिवार से मुलाकात की थी। हालांकि उन्होंने इसे पारिवारिक मुलाकात बताया था। वहीं शिवपाल सिंह यादव ने आजम खान से मुलाकात करने के बाद कहा था कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) और अखिलेश यादव अगर चाहते तो आजम खान जेल से बाहर होते।