मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार दोपहर निधन हो गया। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था और इलाज के दौरान ही उनका निधन हुआ। साधना गुप्ता फेफड़ों में संक्रमण से पीड़ित थीं। साधना गुप्ता, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं और मुलायम सिंह के दूसरे बेटे प्रतीक यादव की मां थीं। बीजेपी नेत्री अपर्णा यादव, प्रतीक यादव की पत्नी हैं और साधना गुप्ता उनकी सासू मां थीं।

आज से ठीक करीब साढ़े 5 साल पहले जब सपा में संकट आया और अखिलेश और शिवपाल सिंह यादव की राहें जुदा हुई, उस दौरान साधना गुप्ता ने एक न्यूज़ एजेंसी से बात करते हुए बड़ा बयान दिया था। साधना गुप्ता ने उस दौरान पहली बार अपने बेटे प्रतीक यादव के लिए एक इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि वह चाहती हैं कि प्रतीक राजनीति में आएं और उन्हें स्वयं कुछ नहीं चाहिए।

उस दौरान जब अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव में तनातनी चल रही थी, तब साधना गुप्ता ने बयान दिया था कि अखिलेश किसी के बहकावे में आ गए हैं। मुलायम के करीबी लोगों का भी कहना है कि साधना गुप्ता परिवार को एक साथ लेकर चलने में विश्वास रखती थीं और उनके चले जाने से नेताजी को काफी गहरा झटका लगा है।

बता दें कि साधना गुप्ता, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। 2003 में मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी और अखिलेश यादव की मां का निधन हो गया था, जिसके बाद मुलायम सिंह ने साधना गुप्ता को अपनी दूसरी पत्नी का दर्जा दिया था। माना जाता है कि जब मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी मालती देवी बीमार थीं, उस दौरान साधना गुप्ता अस्पताल में उनकी देखरेख करती थीं। इलाज के दौरान साधना गुप्ता नर्सिंग की ट्रेनिंग कर रही थीं और उसी दौरान मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता करीब आए थे।

साधना गुप्ता के लिए मुलायम सिंह यादव भी दूसरे पति थे। उसके पहले उनकी शादी 1987 में हुई थी, जिसके बाद प्रतीक यादव का जन्म हुआ था। हालांकि प्रतीक यादव के जन्म के 2 वर्ष बाद साधना गुप्ता अपने पति से अलग हो गई थीं। साधना गुप्ता के निधन के बाद पूरा यादव परिवार शोक में है। शिवपाल सिंह यादव, उनकी पत्नी, अखिलेश यादव सभी मुलायम सिंह यादव के घर पहुंचे हैं।