Lok Sabha Elections 2019: लोकसभा चुनाव 2019 के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जहां देशभर में कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं वहीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने उनके संसदीय क्षेत्र अमेठी में चुनाव प्रचार की कमान संभाली है। वह राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में जमकर प्रचार कर रही हैं। प्रियंका गांधी अमेठी में एक ऐसी ही जनसभा को संबोधित करने पहुंची जहां उन्होंने युवाओं से ऑनलाइन कांग्रेस का घोषणा पत्र पढ़ने की अपील की। हालांकि प्रियंका गांधी जिस वक्त सभा को संबोधित क रहीं थीं तब उन्हें किसी बात पर गुस्सा आ गया।

दरअसल प्रियंका जब युवाओं से कांग्रेस का मेनिफेस्टो पढ़ने के लिए कह रही थी तभी एक युवक हवा में पर्चा लहराने लगा। तब उन्होंने उसे मंच पर आने के लिए कहा और पर्चा उन्हें सौंपने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि वो पर्चा राहुल गांधी को दे देंगी और उसमें लिखी बातों पर ध्यान देने को कहेंगी। प्रियंका ने युवक से भाषण के बाद बात करने को भी कहा।

हालांकि चंद सेकंड के भीतर ही उन्होंने उसे मंच पर ही आने को कह दिया। इस पर युवक के मंच पर आने में अवरोध पर प्रियंका नाराज हो गईं। उन्होंने नाराजगी भरे शब्दों में सभा में सामने की तरफ मौजूद लोगों से उसे मंच के करीब आने देने को कहा। प्रियंका ने कहा, ‘आने दो भाई… भगा क्यों रहे हो। कमाल है।’

बता दें कि प्रियंका गांधी पूर्व में अपने एक बयान की वजह से विवादों में घिर गईं। उन्होंने कहा था कि हर सीट पर उम्मीदवार सिर्फ जीतने के लिए नहीं उतारे जाते। हर सीट जीतने के लिए नहीं होती। इसलिए हारने वाली सीटों पर वोट काटने वाले उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा गया है ताकि भाजपा का वोट काटा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी पार्टी का संगठन कमजोर हैं।

हालांकि विवाद बढ़ने पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा, ‘अगर मेरी वजह से भाजपा को लाभ पहुंचता है तो मैं अपनी जान दे दूंगी। भाजपा की विनाशक विचारधारा के साथ कभी समझौता नहीं किया जा सकता। पूरी जिंदगी में ऐसा नहीं हो सकता।’