उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रियों को अपने विभागों के कार्यों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने को कहा है। यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जबसे उपमुख्यमंत्री बने हैं, तबसे वो लगातार स्वास्थ्य केन्द्रों और अस्पतालों का दौरा कर रहे हैं। वहीं योगी सरकार में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी नोएडा दौरे पर पहुंचे हैं और इस दौरान उन्होंने एक गौशाला का औचक निरीक्षण किया और फिर अफसरों की क्लास लगाई।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना अपने नोएडा दौरे पर एक गौशाला का औचक निरीक्षण करने पहुँच गए और इस दौरान वो गौशाले में अव्यवस्था देखकर भड़क गए और फिर मौके पर मौजूद अफसरों की जमकर क्लास लगाई। मौके पर मौजूद गौशाला सुपरवाईजर और डॉकटर की भी वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने क्लास लगाई और उन्होंने जिम्मेदारों से सख्त लहजे में कहा कि आप लोग सिर्फ बकवास कर रहे हैं।
वहीं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी नोएडा दौरे पर पहुंचे थे और उन्होंने सेक्टर 30 में मौजूद जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ब्रजेश पाठक ने अटेंडेंस रजिस्टर भी देखा और उसमे गलती को लेकर मौके पर मौजूद डॉकटर की क्लास लगाई और पूछा की ये क्यों हो रहा है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा निरीक्षण के दौरान वार्ड बॉय उपस्थित नहीं था जबकि उसकी अटेंडेंस लगी हुई थी, जिसपर उपमुख्यमंत्री ने जिम्मेदारों से जवाब माँगा। साथ ही अस्पतालों में सुविधा बढ़ाने के भी निर्देश उपमुख्यमंत्री ने दिए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद मरीजों से भी मुलाकात की और सुविधाओं का जायजा लिया।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने निरीक्षण की जानकारी अपने ट्विटर हैंडल के माध्यम से ट्वीट कर दी। उन्होंने लिखा, “आज राजकीय ज़िला संयुक्त चिकित्सालय गौतमबुद्ध नगर सेक्टर 30 में जन स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सा कर्मियों की कार्यशैली का औचक निरीक्षण करते हुए मरीजों से उनके स्वास्थ्य का कुशलक्षेम जाना।”
बता दें कि ब्रजेश पाठक लगातार स्वास्थ्य केन्द्रों और अस्पतालों का निरीक्षण कर रहे हैं। जिस जिले में उनका दौरा लगा होता है, उस जिले के अधिकारी और डॉकटर पहले से ही सतर्क रहते हैं। उपमुख्यमंत्री लखनऊ के अस्पतालों का भी औचक निरीक्षण कर चुके हैं।
