Mukhtar Ansari News: उत्तर प्रदेश में माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ईडी और अन्य जांच एजेंसियां मुख्तार अंसारी, उसके परिवार और उसके करीबियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं। वहीं अब मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसा अंसारी के विदेश जाने पर रोक लगा दी गई है। इसके पहले ईडी ने मुख्तार अंसारी के ससुर और उनके साले को नोटिस भेजा था।

ईडी ने मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसा अंसारी को भी कई नोटिस भेजा, लेकिन जानकारी के अनुसार अभी तक अफसा अंसारी ने एक भी नोटिस का जवाब नहीं दिया है। आने वाले दिनों में अफसा अंसारी की मुसीबतें भी बढ़ सकती हैं। कुछ दिन पहले ईडी ने मुख्तार अंसारी के बड़े भाई सांसद अफजाल अंसारी और उसके करीबियों के 12 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान ईडी को कुछ अहम दस्तावेज हाथ लगे थे।

छापेमारी में कुछ प्रॉपर्टी डीलर और सर्राफा व्यापारी भी शामिल थे। इसके बाद सर्राफा व्यापारियों को और अफजल अंसारी को ईडी ने नोटिस भेजकर जवाब मांगा था। अफजाल अंसारी और व्यापारियों ने अपना बयान दर्ज कराया था। बताया जाता है कि छापेमारी में ईडी को 100 से अधिक बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज हाथ लगे थे। गाजीपुर से लेकर लखनऊ तक अलग-अलग नामों से बेनामी संपत्ति मुख्तार अंसारी, उसके परिवार और उसके करीबियों ने हासिल की।

मुख्तार अंसारी के बड़े भाई अफजाल अंसारी गाजीपुर से लोकसभा के सांसद हैं। उनके दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर भी ईडी ने छापा मारा था। इस दौरान बैंकों से लेनदेन के भी दस्तावेज हाथ लगे थे। ईडी ने जुलाई 2021 में मुख्तार अंसारी के खिलाफ मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज किया था।

बता दें कि मुख्तार अंसारी उत्तर प्रदेश की बांदा जेल में बंद है। तो वहीं मुख्तार के विधायक बेटे अब्बास अंसारी को लखनऊ की एमपी एमएलए कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर दिया है और उनके खिलाफ कुर्की के भी आदेश जारी कर दिए गए हैं। अब्बास अंसारी काफी लंबे समय से फरार चल रहे हैं और उन्हें पकड़ने के लिए 84 पुलिसकर्मियों की टीम लगाई गई है। कोर्ट ने अब्बास अंसारी को 25 अगस्त तक गिरफ्तार करने के लिए कहा था, लेकिन पुलिस अभी तक उसे गिरफ्तार करने में नाकाम रही है।