बीजेपी सांसद ने ट्रेन में ही जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुन ली। दरअसल बागपत से बीजेपी सांसद सहारनपुर से दिल्ली जा रही पैसेंजर ट्रेन में सवार हो गए और जनता दरबार लगा लिया। इस दौरान बीजेपी सांसद ने लोगों की समस्या सुनी और उसके निस्तारण का आश्वासन दिया। बड़ौत में शौचालय की समस्या तो वहीं यात्रियों ने ट्रेन की टाइमिंग की समस्या अपने सांसद को बताई।

सत्यपाल सिंह ने इस दौरान एक समाचार चैनल से बात करते हुए कहा कि, “काफी दिनों से मेरी इच्छा थी कि अपने रेल यात्रियों के साथ सफ़र किया जाए और उनकी समस्या सुनी जाए। काफी लोग मुझसे मिलते रहतें हैं लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मिलने से समस्याओं की जानकारी अच्छे से हो जाती है।

सत्यपाल सिंह ने कहा कि, “लोगों ने ट्रेन की समस्या बताई क्योंकि लोग ट्रेन से रोज दिल्ली जातें हैं और पहले 14 ट्रेन चलती थी। लेकिन अब ट्रेन कम हो गई जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। जो ट्रेन चलती है वो कई जगह रुकती है और लोगों को ऑफिस पहुँचने में देर हो जाती है। लोगों की मांग ये है कि सुबह 9 बजे तक ट्रेन दिल्ली पहुँच जाए और भी समस्या लोगों ने बताई है, जिसका मैं समाधान करने का प्रयास करूँगा।

सत्यपाल सिंह बीजेपी के सांसद है और 2014 में इन्होंने बीजेपी ज्वाइन की थी। सत्यपाल सिंह मुंबई के पुलिस कमिश्नर भी रह चुके हैं। 2014 में आरएलडी अध्यक्ष अजीत सिंह को सत्यपाल सिंह ने बागपत से हराया था। 2017 में सत्यपाल सिंह मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी बने थे और फिर 2019 लोकसभा चुनाव में सत्यपाल सिंह ने बागपत से अजीत सिंह के बेटे जयंत चौधरी को धूल चटाई थी।

बता दें कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जनता दरबार लगातें हैं और फरियादियों की समस्या सुनतें हैं। 4 अप्रैल से योगी का जनता दरबार शुरू हो गया है और इसमें कोरोना नियमों का भी खास ख्याल रखा जाता है। 2017 में योगी ने जनता दरबार लगाना शुरू किया था, लेकिन 2020 में कोरोना के कारण इसे बंद कर दिया गया था। लेकिन अब इसे फिर से शुरू कर दिया गया है।