उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर अखिलेश यादव को ‘भावी प्रधानमंत्री’ बताने वाला एक होर्डिंग लगाया गया है। यह होर्डिंग कथित तौर पर सपा नेता फखरुल हसन चांद द्वारा लगाया गया है। होर्डिंग की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं और लोग इसे लेकर अपनी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। भाजपा की ओर से होर्डिंग को लेकर मज़ाकिया लहजे में ‘मुंगेरी लाल के हसीन सपने’ लिखा गया है।

अखिलेश यादव ‘भावी पीएम’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भविष्य के प्रधानमंत्री बताते हुए कई पोस्टर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लखनऊ में पार्टी मुख्यालय के बाहर लगाए गए थे। पोस्टर लगाने वाले सपा नेता फखरुल हसन ने कहा , “अखिलेश यादव का जन्मदिन 1 जुलाई को है, लेकिन अपने नेता के प्रति अपना प्यार और सम्मान व्यक्त करने के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उनका जन्मदिन कई बार मनाते हैं। आज पार्टी के कुछ नेता और कार्यकर्ता उनका जन्मदिन मना रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “पार्टी कार्यकर्ता प्रार्थना कर रहे हैं कि अखिलेश यादव देश के पीएम बनें और लोगों की सेवा करें।”

भाजपा का तंज

उत्तर प्रदेश के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि एक कहावत है मुंगेरी लाल के हसीन सपने। दिन में सपने देखने से कोई किसी को नहीं रोक सकता। लेकिन अपनी क्षमता के अनुसार सपने देखना चाहिए।

पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारा देश प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है। विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। देश की जनता को पीएम मोदी पर भरोसा है और देश निश्चित तौर पर पीएम मोदी को तीसरी बार पीएम चुनेगा।

अखिलेश यादव की सपा इंडिया गुट में सहयोगी है, इंडिया ब्लॉक 28 राजनीतिक दलों का गठबंधन है, जो 2024 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी से मुकाबला करने के लिए बनाया गया है। हालांकि, गठबंधन ने अपने प्रधान मंत्री पद के उम्मीदवार के चेहरे की घोषणा नहीं की है। सपा कार्यकर्ताओं की इस तरह की बयानबाजी के बाद इंडिया गठबंधन के भीतर बिखराव के कयास लगाए जा रहे हैं।