प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश के आगरा पहुंचे। यहां कोठी मीना बाजार में उन्होंने ब्रज क्षेत्र से चुनावी शंखनाद किया। आगरा को पीएम मोदी 3907 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी। वहीं आगरा पहुंचे मोदी के साथ राज्यपाल राम नाईक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस मौजूद रहे। गौरतलब है कि पीएम मोदी के लिए आगरा गुडलक माना जाता है। नए साल में पहली बार यूपी पहुंचे मोदी ने कहा- मैंने जब-जब उत्तर प्रदेश और देश से समर्थन मांगा है, तो भरपूर साथ मिला है। मैं आपके विश्वास पर खरा उतरने के लिए लगातार काम करता रहूंगा।
सपा- बसपा गठबंधन पर मोदी का तंज: प्रदेश में सपा- बसपा गठबंधन पर मोदी ने तंज कसते हुए कहा- राजनीतिक स्वार्थ के लिए लखनऊ के गेस्ट हाउस का वो शर्मनाक कांड भी भुला दिया गया, मुजफ्फरनगर से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्या क्या हुआ सब भुलाने की कोशिश की जा रही है। चौकीदार को हटाने के अभियान के चलते हर एक टुकड़े और तिनके को जोड़ा जा रहा है।
पानी की समस्या हुई दूर: पीएम ने पानी की समस्या पर कहा- यहां बरसों पुरानी एक मांग थी जो आज पूरी हुई है। आज गंगा जल योजना आप सभी के लिए समर्पित है। इससे लाखों लोगों को पीने का पानी मिलने वाला है। आगरा से मथुरा तक पानी की गंभीर समस्या रही है। इस क्षेत्र में जो पानी है वो खारा है, जिसे पीना मुश्किल है, यही कारण है कि अपर गंगा नहर से आगरा की प्यास बुझाने की योजना बनाई गई। आगरा में शुरू हो रहीं ये परियोजनाएं पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी हैं यानी आगरा को स्मार्ट सिटी बनाने से जुड़ी हैं।
राजनीतिक स्वार्थ के लिए लखनऊ के गेस्ट हाउस का वो शर्मनाक कांड भी भुला दिया गया, मुजफ्फरनगर से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्या क्या हुआ सब भुलाने की कोशिश की जा रही है।
चौकीदार को हटाने के अभियान के चलते हर एक टुकड़े और तिनके को जोड़ा जा रहा है : पीएम मोदी #PMInAgra
— BJP (@BJP4India) January 9, 2019
स्मार्ट सिटी बन रहा आगरा: पीएम मोदी ने आगरा को स्मार्ट सिटी की ओर अग्रसर बताते हुए कहा आगरा देश के उन शहरों में शामिल हैं जहां स्मार्ट सिटी सेवाएं विकसित हो रही हैं। यहां के मॉनिटरिंग सेंटर से पूरे शहर की मॉनिटरिंग होगी। सीसीटीवी कैमरा एक ऐसी सुविधा है जो सुरक्षा की गारंटी लाती है। ऐसे में स्मार्ट सिटी की परिकल्पना में सीसीटीवी मॉनिटरिंग एक बड़ा कदम साबित होगा।
आयुष्मान भारत योजना: मोदी ने आयुष्मान भारत योजना के बारे में बताते हुए कहा देशभर में भाजपा सरकार द्वारा सस्ते इलाज की व्यवस्था की गई है। एक तरफ इससे जहां स्वास्थ्य विभाग में बड़ा बदलाव होने वाला है, वहीं दूसरी तरफ बड़े पैमाने पर रोजगार भी उत्पन्न होगा बता दें कि आयुष्मान भारत योजना को कई लोग मोदी केयर भी कहते हैं। मोदी ने कहा मोदीकेयर के तहत गरीब अपना इलाज करवा रहे हैं। इससे उन गरीबों को बहुत फायदा हुआ जो कई सालों से बीमार थे।
भाजपा सरकार विकास की पंच धारा: पीएम मोदी ने बच्चों को पढ़ाई, युवा को कमाई, बुजुर्गों को दवाई, किसानों को सिंचाई और जन-जन की सुनवाई को भाजपा सरकार विकास की पंच धारा बताया और कहा कि भाजपा इसके लिए प्रतिबद्ध है। वही मोदी ने कहा- अब बड़े उद्योगों में छोटे उद्यमियों का पैसा नहीं फंसे इसके लिए लोन पर ब्याज में 2 फीसदी की छूट दी गई है।
10% आरक्षण पर भी बोले मोदी: 10% आरक्षण पर मोदी ने कहा- कल पूरे देश ने देखा है कि किस प्रकार लोकसभा में एक ऐतिहासिक बिल पास किया गया है। आजादी के इतने दशकों के बाद गरीबी के कारण बढ़ी असमानता को स्वीकार किया गया है। सामान्य श्रेणी के गरीब परिवारों को 10% का आरक्षण मिले, इस तरफ एक महत्वपूर्ण बड़ा कदम उठाया गया।
जीएसटी पर भी खुलकर बोले मोदी: मोदी ने कहा GST व्यापारी और ग्राहक के आपसी विश्वास और भरोसे को मजबूत करने की ही व्यवस्था है। अब सामान्य मानवी के काम आने वाला ज्यादातर सामान यानि करीब-करीब 99 प्रतिशत सामान पर GST 18% से कम है। GST को व्यापारियों और उपभोक्ताओं के लिए और सरल करने की प्रक्रिया निरंतर चल रही है। GST कोई अलग से लगाया गया टैक्स नहीं है बल्कि पहले जो आप सभी सामान पर या सेवाओं पर दर्जनों टैक्स देते थे, उनको समेटकर कम कर दिया गया है। पहले बहुत सी चीजों पर 30% से भी अधिक टैक्स लगते थे, जो कहीं दिखते नहीं थे। अब जितना टैक्स आप देते हैं उतना दिखता भी है, यही पारदर्शिता है।
[bc_video video_id=”5987089730001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
सोलापुर में गरजे मोदी: 2019 के लोकसभा चुनाव करीब हैं। ऐसे में पीएम मोदी चुनावी रैली की शुरुआत कर चुके हैं। बता दें कि 2019 के पहले दस दिनों में ये पीएम मोदी की सातवीं रैली है। जबकि महाराष्ट्र में उन्होंने आज ही अपनी पहली रैली सोलापुर में की। लोकसभा चुनाव के लिए शंखनाद करते हुए पीएम मोदी महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंचे। जहां उन्होंने सोलापुर को 3168 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी। सोलापुर रैली में मोदी ने कांग्रेस पर जमकर वार किया।
80 सीटें, 100 रैली: बता दें कि उत्तर प्रदेश का आगरा पीएम मोदी के लिए गुडलक माना जाता है। ऐसे में प्रदेश की शुरुआत मोदी आगरा के साथ कर रहे हैं। बता दें कि यूपी में लोकसभा की 80 सीटे हैं। वहीं मोदी ने लोकसभा चुनाव के लिए 100 रैलियों का टारगेट किया है।