अखिलेश यादव से अलग होने के बाद शिवपाल यादव ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) बनाई है। अलग पार्टी बनाने के बाद पहली बार शिवपाल ने राजधानी लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में जनाक्रोश रैली की। इस दौरान शिवपाल यादव के साथ मंच पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और उनके बड़े भाई मुलायम सिंह यादव दिखाई दिए।
मुलायम सिंह यादव के अलावा इस रैली में हिस्सा लेने के लिए यादव परिवार की छोटी बहू अपर्णा यादव भी पहुंची थीं। रैली में अपर्णा यादव ने शिवपाल यादव को शेर बताया। इसके साथ ही अपर्णा यादव ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 2019 में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी को मौका दें। वहीं इस रैली में शिवपाल यादव के बेटे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव ने लोगों से कहा कि ‘हम समाजवाद की बात करेंगे। हम युवाओं को रोजगार देने की बात करेंगे।
जनाक्रोश रैली जारी है… pic.twitter.com/kRfv5YH780
— Shivpal Singh Yadav (@shivpalsinghyad) December 9, 2018
बता दें, नई पार्टी बनाने के बाद रविवार को लखनऊ में शिवपाल यादव ने ‘जनाक्रोश रैली’ का आयोजन किया है। इससे पहले शिवपाल यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि ‘अब हमारे सामने देश और समाज के बहुत से मुद्दे हैं। हम जनता के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ेंगे।’ वहीं मंच पर मुलायम सिंह यादव और अपर्णा यादव के अलावा राज्यसभा सांसद सुखराम सिंह यादव, एमएलसी मधुकर जेटली, पूर्व मंत्री शादाब फातिमा जैसे नेता दिखाई दिए।
उल्लेखनीय है कि शिवपाल ने मुलायम के सामने प्रसपा-लो का नेतृत्व करने की पेशकश रखी थी। वह मुलायम का आशीर्वाद प्राप्त होने का भी लगातार दावा करते रहे हैं। हालांकि ज्यादातर मौकों पर मुलायम अपने बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ ही नजर आते रहे हैं।