यूपी के आगरा में आवारा पशुओं से किसान बुरी तरह परेशान हैं। इसको लेकर वे लोग कई बार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला। पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे ग्रामीणों ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि आवारा पशुओं की समस्या से सरकार ने छुटकारा नहीं दिलाया तो वे सोमवार को शेरगढ़, नौझील और सुरीर थाने के अहाते में पशुओं को बंद कर देंगे। किसानों ने तय किया है कि इस बार लड़ाई आरपार की होगी।

पांच दिन से चल रहा है धरना : नौझील में भारतीय किसान कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामबाबू सिंह कटेलिया की अध्यक्षता में किसान पांच दिन से धरना दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि आवारा पशु किसानों के लिए जानलेवा बन गए हैं। लेकिन सरकार उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। अब तक ये कई एकड़ खेत बर्बाद कर चुके हैं। इनके हमले से कई किसान या तो घायल हो गए हैं या अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन उनकी समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

Hindi News Today, 07 December 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

प्रशासन के पास नहीं है समस्या का समाधान : कटेलिया ने चेतावनी दी कि प्रशासन ने थाने में बंद करने पर भी ध्यान नहीं दिया तो वे पशुओं के साथ यमुना एक्सप्रेस वे पर पैदल मार्च करेंगे। जिससे सरकार उनकी समस्या को समझ सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन के लोग किसानों को धरना खत्म करने के लिए समझाने आए थे,  लेकिन उनके पास इसका कोई समाधान नहीं था और न ही वे इसको खोजने का प्रयास किए। उन्होंने कहा कि गौशाला बनवा देने से समस्या नहीं दूर होगी। आवारा पशुओं को वहां रखना भी पड़ेगा।

अनिश्चितकाल तक आंदोलन करने की चेतावनी : चेतावनी किसानों ने बताया कि धरना सोमवार को उस समय शुरू हुआ, जब महापंचायत के लिए आए किसानों ने तय किया कि इस पंचायत को अनिश्चित काल के लिए धरने में बदल दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार इस समस्या का कोई उचित समाधान नहीं करती है तब तक धरना जारी रहेगा। किसानों ने कहा कि अब वे और इंतजार नहीं करेंगे।