केंद्रीय ग्राम्य विकास मंत्री चौधरी बीरेन्दर सिंह ने मथुरा में हुए जवाहरबाग काण्ड के लिये जात-पात के पोषण को जिम्मेदार मानते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश की जनता अगर वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में इस बुराई से नहीं उबरी तो आने वाले दिनों में ऐसे कई और काण्ड हो सकते हैं। सिंह ने रविवार (5 जून) रात यहां आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि जहां एक ओर बाकी देश विकास की राजनीति की तरफ बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश जात-पात की सियासत में बंटकर रह गया है।
उन्होंने कहा कि जात-पात की राजनीति से जनता को हमेशा नुकसान हुआ है। जवाहरबाग काण्ड भी ऐसी ही सियासत का नतीजा है। प्रदेश की जनता अगर जात-पात के जाल से निकलकर विकास के लिये एकजुट नहीं हुई तो आने वाले दिनों में सूबे की अवाम को कई और जवाहरबाग काण्ड देखने पड़ सकते हैं। सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि वे बस अपने अंदर बदलाव की ज्वाला पैदा करें, फिर देखें कि अवाम में जहर घोलने वालों को कैसी अग्निपरीक्षा देनी पड़ेगी। विकास सबसे शक्तिशाली राजनीतिक साधन है, जो एक साथ करोड़ों लोगों की जिन्दगी बदल सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में छह-आठ माह में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन महत्वपूर्ण चुनाव के चश्मे से उन्होंने बरेली में दिखे हर चेहरे को पढ़ लिया है यहां भाजपा पूरी तरह सशक्त है। उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि पहले देश चौराहे पर खड़ा था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया में देश को पहचान दिलायी है। पूरी दुनिया भारत माता का जयकारा लगा रही है।