उत्तरप्रदेश के काशी में प्रसिद्ध देव दीपावली इस बार बेहद खास होगी। धर्म नगरी के नाम से मशहूर काशी में कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि पर मनाई जाने वाली देव दीपावली पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। इस महापर्व पर दशाश्वमेध घाट पर होने वाले आयोजन में फिल्म अभिनेता अनिल कपूर खास मेहमान होंगे, इसके अलावा कर्नल बृजेश सिंह सावियान भी मौजूद रहेंगे। लारेंस गेस्ट के रूप में 4 एयरफोर्स सिलेक्शन बोर्ड के एयर कमांडर किरण प्रकाश सिंह विर्क की मौजूदगी होगी। देश-विदेश से इस भव्य आयोजन को देखने के लिए पर्यटक आते हैं। इस बार देव दीपावली का पर्व 23 नवंबर को पड़ रहा है।
पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में देव दीपावली को भव्य बनाने की पूरी तैयारी की जा रही है। इस आयोजन में 84 घाटों और किनारे के ऐतिहासिक भवनों, कुंड तालाबों पर करीब बीस लाख दीपदान के लिए सैकड़ों टिन तेल, दीप-बत्ती जुटाने और घाट समितियों को उसके वितरण की जिम्मेदारी तय की गई है जिससे इसे रिकॉर्ड में भी दर्ज कराया जा सके। अकेले दशाश्वमेध घाट पर ही 50 हजार दीपक सजाये जायेंगे।
इस बार फिल्म अभिनेता अनिल कपूर अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। यह जानकारी गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि इस देव दीपावली में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों से गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का संकल्प दिलाया जाएगा। सेना के तीनों अंगों के स्थानीय ऑफिसर्स भी मौजूद रहेंगे और घाट पर निर्मित अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
देव दीपावली पर शासन की तरफ से विस्तृत तैयारी है। इस बार उत्तरप्रदेश सरकार ने भी इस आयोजन को सफल और भव्य बनाने के लिए एक बड़ी धनराशि दी है। एक बड़ा लेज़र शो, एक सुन्दर आतिशबाज़ी, एक सांस्कृतिक कार्यक्रम सभी 80 घाटों की दोनों तरफ गंगा के साज सजावट सहित बहुत से कार्यक्रम कराये जा रहे हैं। आयोजन में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है। नाव की बुकिंग 70 हजार से डेढ़ लाख रुपये में हो रही है। जनपद के करीब एक हजार होटल, लाज, धर्मशाला आदि की बुकिंग देव दीपावली के लिए हो चुकी है।