Bihar Politics: बिहार चुनाव को लेकर पहले चरण के लिए नामांकन का आखिरी दिन 17 अक्टूबर को है, उससे पहले सभी राजनीतिक दल ताबड़तोड़ टिकट बंटवारा हो रहा है। ऐसे में एनडीए के अहम घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने भी अपनी सूची जारी की है। खास बात यह है कि पार्टी के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पत्नी स्नेहलता को भी एक सीट से प्रत्याशी बनाया है।
राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को एनडीए गठबंधन में 6 विधानसभा सीटें मिली हैं। हालांकि, खबरें ये आईं थी कि वे महुआ विधानसभा सीट चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) को दिए जाने से नाराज हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद उनकी नाराजगी दूर हो गई। वे महुआ सीट छोड़ने को तैयार हैं और दिल्ली से आकर उन्होंने प्रत्याशी घोषित किए हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार में तेज प्रताप यादव की साली को लालू ने दिया टिकट? जानिए, कहां से लड़ेंगी चुनाव
रोहतास की सासाराम सीट से दिया पत्नी को टिकट
उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी आरएलएम से उजियारपुर, मधुबनी, सासाराम, दिनारा पारू और बाजपट्टी की सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। सासाराम सीट से उन्होंने अपनी पत्नी स्नेहलता को टिकट दिया है। इसके अलावा दिनारा से आलोक कुमार सिंह, उजियारपुर से प्रशांत कुमार पंकज, मधुबनी से माधव आनंद को चुनावी रण में उतारा गया है। पारू और बाजपट्टी सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा बाद में की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मोकामा: बाहुबली अनंत सिंह के पास 37 करोड़ की संपत्ति, सूरजभान सिंह की पत्नी से होगा मुकाबला
कैसे माने उपेंद्र कुशवाहा?
महुआ सीट चिराग पासवान के कोटे में जाने की वजह से उपेंद्र कुशवाहा नाराज थे लेकिन जब उनकी मुलाकात अमित शाह से हुई तो नाराजगी खत्म हो गई। खबरें ये भी हैं कि बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा में फिर से सीट मिलने और एक विधान परिषद की सीट देने का वादा किया है, जिसके चलते वे 6 सीटों पर ही राजी हो गए। इससे पहले जब वे नाराज थे, तो उन्हें मनाने के लिए बीजेपी के कई बड़े नेता पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें: बिहार में तेज प्रताप यादव की साली को लालू ने दिया टिकट? जानिए, कहां से लड़ेंगी चुनाव
पिछले चुनाव में क्या रहा था नतीजा?
क्रम संख्या | पार्टी | प्रत्याशी | वोट |
1 | आरजेडी | राजेश कुमार गुप्ता | 83,303 |
2 | जेडीयू | आशोक कुमार | 56,880 |
3 | लोजपा | रामेश्वर प्रसाद | 21,426 |
सासाराम विधानसभा सीट के 2020 के विधानसभा चुनाव नतीजों की बात करें तो इस सीट से आरजेडी को जीत मिली थी। दूसरे नंबर जेडीयू और तीसरे नंबर पर एलजेपी रही थी। आरजेडी प्रत्याशी राजेश कुमार गुप्ता जीते थे। उन्हें 83,303 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर आए जेडीयू के आशोक कुमार को 56,880 वोट और तीसरे नंबर पर लोजपा के रामेश्वर प्रसाद को 21,426 रहे थे।
यह भी पढ़ें: सख्ती के बावजूद पड़ोसी राज्यों से दिल्ली पहुंचे पटाखे, पंद्रह दिनों में 6 क्विंटल पटाखे बरामद