UP YouTuber Arrested: उत्तर प्रदेश पुलिस ने समाजवादी पार्टी (सपा) मीडिया सेल के ट्विटर हैंडल से आपत्तिजनक ट्वीट करने के आरोप में एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है। यूपी पुलिस के अधिकारियों ने रविवार (27 नवंबर, 2022) को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 23 नवंबर को पत्रकार मनीष पांडे ने हजरतगंज थाने में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एसपी मीडिया सेल का ट्विटर हैंडल (@MediaCellSP) चलाने की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी मीडिया सेल ने गोरखनाथ मठ के बारे में एक ट्वीट पोस्ट किया। इसका उन्होंने जवाब दिया कि उसे ऐसी पोस्ट करने से बचना चाहिए, क्योंकि मठ करोड़ों लोगों की आस्था और भक्ति का केंद्र है। आरोप है कि इसके बाद शिकायतकर्ता के खिलाफ भी ट्विटर हैंडल से अपमानजनक ट्वीट किए गए। हालांकि सपा नेताओं ने कहा कि गिरफ्तार पार्टी का कोई संबंध नहीं है।

सपा मीडिया सेल ने 20 नवंबर को एक ट्वीट में आरोप लगाया था कि मठ के लोग अवैध खनन में शामिल हैं। हालांकि, ट्वीट में किसी मठ का नाम नहीं था। हजरतगंज के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अरविंद कुमार वर्मा ने न्यूज एजेंसी को बताया कि प्रथम दृष्टया अनिल यादव ने सपा मीडिया प्रकोष्ठ के ट्विटर हैंडल से ट्वीट पोस्ट किया। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि यूट्यूब चैनल चलाने वाले अनिल यादव को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने बताया कि मामले में धारा 153 ए (धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 295 ए (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कार्य), 504 (जानबूझकर अपमान), 505 (किसी भी बयान, अफवाह या प्रचार को उकसाने के इरादे से प्रकाशित या प्रसारित करना) और भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि) और आईटी अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधान के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। संपर्क करने पर सपा नेताओं ने कहा कि यादव किसी भी तरह से पार्टी से नहीं जुड़े हैं।

शनिवार को सिलसिलेवार ट्वीट कर सपा मीडिया प्रकोष्ठ ने कहा, “पत्रकार अनिल यादव अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से भाजपा सरकार में लोगों पर हो रहे अत्याचार और अन्याय का पर्दाफाश कर रहे थे। इससे नाराज होकर भाजपा सरकार ने उन्हें ‘असंवैधानिक रूप से’ गिरफ्तार कर लिया।” सपा मीडिया सेल ने कहा, “अनिल यादव को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए और सम्मान के साथ घर वापस भेजा जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है और संविधान का अपमान कर रही है।

Live Updates