मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग ने गुरुवार को तराई क्षेत्र के 13 जिलों के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया, जिसमें घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। यह चेतावनी उन क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण सुबह और दिन के दौरान कुछ स्थानों पर जीरो विजिबिलिटी या 50 मीटर से कम विजिबिलिटी दर्ज किए जाने के एक दिन बाद जारी की गई है।
घने कोहरे के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ के तहत पांच जिलों में कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बलरामपुर और बहराईच शामिल हैं, जहां सुबह के समय विजिबिलिटी जीरो होने की उम्मीद है। वहीं, येलो अलर्ट आठ जिलों- लखीमपुर, सीतापुर, श्रावस्ती, गोंडा, बस्ती, संत कबीरनगर, गोरखपुर और देवरिया के लिए जारी किया गया है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के एक विशेषज्ञ ने बताया, “बुधवार को तराई क्षेत्र के कुशीनगर और बहराइच इलाकों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी जीरो रही। तराई क्षेत्र के चुनिंदा जिलों के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए आज भी ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है क्योंकि विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रहने की आशंका है । ”
विशेषज्ञ ने बताया, “राज्य भर में सुबह के समय धुंध छाई रहेगी और बाद में आसमान साफ हो जाएगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 25 और 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र में कुछ स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाने की आशंका है।”
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा कारणों से इन क्षेत्रों में विशेषकर तराई क्षेत्र में सुबह-सुबह यात्रा करने से बचना चाहिए।
पढ़ें- दिल्ली प्रदूषण को लेकर सर्वे में क्या आया सामने
यूपी के इन जिलों में गिरेगा तापमान
विशेषज्ञों ने कहा कि तापमान पहले से ही सामान्य से दो से तीन डिग्री नीचे है उसके अगले 48 घंटों में एक डिग्री और गिरने की उम्मीद है। इसके तीन दिनों के बाद इसमें गिरावट आएगी। वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा, “तापमान में ज्यादातर गिरावट आई है और अगले 48 घंटों में एक डिग्री की मामूली गिरावट को छोड़कर कोई बड़ी गिरावट नहीं होगी। तापमान में अगली गिरावट तीन दिन बाद देखने को मिलेगी। कोहरे की चेतावनी मुख्य रूप से तराई के क्षेत्रों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए है।”
दिल्ली का मौसम
इस बीच आईएमडी ने बृहस्पतिवार को मुख्य रूप से आसमान साफ रहने और शुक्रवार, शनिवार को हल्की से हल्का धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम के औसत से 1 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान के 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
कैसा रहेगा कश्मीर का मौसम?
कश्मीर के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में गिरावट के कारण लोगों को रात के समय कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वहीं कई हिस्सों में हल्की धुंध छाई रही। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में बुधवार रात को तापमान मंगलवार रात के मुकाबले एक डिग्री गिरकर शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि गुलमर्ग में तापमान में 1.5 डिग्री की वृद्धि हुई और यह शून्य डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पुलवामा और शोपियां शहर जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडे स्थान रहे, जहां दोनों जगहों पर तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि 12 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि 13 से 15 दिसंबर के बीच उत्तरी और मध्य कश्मीर के ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी होने का अनुमान है।
