Lok Sabha Elections: देश में लोकसभा चुनाव के चार चरण पूरे हो चुके हैं। 5वें चरण के लिए 20 मई को मतदान होगा, लेकिन इससे पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आज तक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कई सवालों के जवाब दिए। इसी बीच एक सवाल के उत्तर में प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में हमारा संगठन मजबूत नहीं है।

प्रियंका गांधी से जब पूछा गया कि 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने यूपी में सिर्फ दो सीटें जीती थीं, इसमें संगठन की कमजोरी थी या जैसा बीजेपी कहती है कि कांग्रेस की छवि परिवारवाद की बन गई है या भ्रष्ट पार्टी है। पार्टी ही परिवार है।

इस सवाल के जवाब में प्रियंका ने कहा कि यूपी में संघर्ष बहुत है। यूपी में हमारा संगठन 32 साल से सरकार में नहीं है, यूपी में हमारा संगठन मजबूत नहीं है, हमने इसे मजबूत बनाने का बहुत कोशिश की है। हमारे जो काम थे, उसका नतीजा इस चुनाव में दिखेगा। संगठन को मजबूत करने में बहुत काम करना पड़ता है। हमने काफी कोशिश की है।

प्रियंका ने कहा कि हमें ये पता था कि उस चुनाव (2014) में नतीजा नहीं आएगा, इसके बावजूद हमने तय किया कि हम पूरे दम से चुनाव लड़ेगे, चाहे नतीजा आए या न आए। इसके बाद संगठन में परिवर्तन भी आया है। आज हमारा संगठन गांव, ब्लॉक और जिलास्तर पर दिखने लगा है। इसी का नतीजा है कि यूपी में कांग्रेस और इंडिया ब्ल़ॉक ने अंडरकरंट क्रिएट किया है।

प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘दस सालों से इस देश का आम आदमी, गरीब, किसान प्रताड़ित है। इस देश के किसानों की पुकार थी कि हमारी आवाज सुनिए। मजदूरों की पुकार थी कि हमें राहत दीजिए। महिलाओं की पुकार थी कि हमारे साथ अत्याचार हो रहा है, हमें सुरक्षा दीजिए। जन-जन की पुकार थी कि हमारी सुनवाई हो लेकिन नरेंद्र मोदी की सरकार में आपकी कोई सुनवाई नहीं हुई।’ उन्होंने आगे कहा कि आज इस देश में आंधी उठी है। इस देश की पुकार है कि भाजपा की तानाशाह सरकार को हटाया जाए और देश में एक नई चेतना स्थापित हो।

बता दें, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान यूपी की कमान प्रियंका गांधी के हाथों में थी। तब प्रियंका गांधी ने एक नारा दिया था-‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’। हालांकि प्रियंका गांधी का यह नारा जमीनी हकीकत में कहीं दिखाई नहीं दिया था।