Derogatory Remarks Against Dimple Yadav: समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ी जाएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि डिंपल यादव (Dimple Yadav) के खिलाफ एक शब्द भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शिवपाल यादव (Shivpal Singh Yadav) ने सैफई में मीडिया से बात करते हुए कहा कि सांसद डिंपल यादव (Dimple Yadav) के खिलाफ बीजेपी नेताओं द्वारा लगातार की जा रही छींटाकशी को वह 99 बार तक तो माफ करेंगे, उसके बाद बर्दाश्त नहीं करेंगे और अब स्थिति बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के बीच सोशल मीडिया पर टिप्पणियों को लेकर एक-दूसरे नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कराए जाने के बाद शिवपाल सिंह यादव ने यह बता कही।

2024 लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा का सफाया हो जाएगा: शिवपाल

सपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि वो बीजेपी को घेरने का काम करेंगे और बहू डिंपल के खिलाफ एक शब्द भी बर्दाश्त नहीं करेंगे, इसलिए अब लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ी जाएगी। शिवपाल ने दावा किया कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण बेरोजगारी और महंगाई बढ़ी है। किसान और आम आदमी परेशान है। भ्रष्टाचार अपने चरम पर है।

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने ऋचा राजपूत के खिलाफ दर्ज कराई थी प्राथमिकी

बता दें, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भाजपा युवा मोर्चा की सोशल मीडिया प्रभारी ऋचा राजपूत के खिलाफ हजरतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें कहा गया था कि डॉक्टर ऋचा राजपूत ने अपने सत्यापित ट्विटर अकाउंट से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए ट्वीट किया है। अभद्र टिप्पणियों से महिलाओं के खिलाफ अपराध को बढ़ावा मिलेगा। इसे लेकर समाजवादी पार्टी में गुस्सा है।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने रविवार को कहा था कि पटेल ने ऋचा राजपूत के खिलाफ हजरतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि ऋचा राजपूत ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी सांसद डिंपल यादव के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की हैं।

सपा के मीडिया प्रकोष्ठ के पदाधिकारी को पुलिस ने किया था गिरफ्तार

इससे पहले सपा के मीडिया प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मनीष जगन अग्रवाल को सोशल मीडिया पर महिलाओं के प्रति कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोपों में रविवार सुबह लखनऊ के हजरतगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया था, जिन्हें सोमवार शाम को जमानत मिलने के बाद जिला जेल लखनऊ से रिहा कर दिया गया था।