उत्तर प्रदेश की गोला विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए स्वतंत्र देव सिंह और मौलाना एक साथ दिखे। इस दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने दावा किया कि बीजेपी की जीत होगी। वहीं, साथ खड़े मौलाना ने कहा कि बहुत अच्छी सरकार चल रही है, मोदी जी और योगी जी दोनों की।
संवादाताओं से बात करते हुए मौलाना ने कहा, “मोदी जी और योगी जी दोनों की सरकार अच्छी चल रही है। दोनों बेहतर हैं। दोनों अच्छा काम कर रहे हैं गरीबों के लिए।” इस दौरान योगी आदित्यनाथ सरकार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, “हम लोग ईमानदारी का राज लेकर चल रहे हैं। प्रदेश में कानून का राज है। आज सम्मान है, प्रदेश भ्रष्टाचार मुक्त है, नियुक्तियों में एक रुपए की दलाली नहीं है। ये विकास है, मोदी-योगी का प्रभाव है।”
राजनीति हमारा व्यापार नहीं: लखीमपुर खीरी में स्वतंत्र देव ने कहा कि इतनी तालियों की गड़गड़ाहट सुनकर हमें तो करंट लग रहा है। लोग विकास के नाम पर वोट देंगे। अखिलेश यादव के गोला विधानसभा के लिए प्रचार करने न पहुंचने पर स्वतंत्र देव ने कहा, “हमलोग राजनीतिक मिशन पर चलते हैं, राजनीति हमारा व्यापार नहीं है। हमलोग विकास के लिए काम करते हैं। भारतीय जनता पार्टी का मिशन न जातिवाद है, न व्यापार। ये सपा वगैरह जब सत्ता में आते हैं तो व्यापार करते हैं, लूटते हैं।”
इससे पहले जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। इस वीडियो में स्वतंत्र देव सिंह से एक महिला चौकी इंचार्ज की शिकायत कर रही थी। उसकी बात ध्यान से सुनने के बजाय स्वतंत्र देव सिंह कुछ खाते हुए आगे बढ़ गए थे। इस वीडियो को लेकर विपक्षी दलों के नेताओं ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला था।
यूपी कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस वीडियो को शेयर कर लिखा, “महिला ने मंत्री जी से शिकायत की। चौकी इंचार्ज 15 साल की लड़की मांग रहा है। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जी को गुस्सा आना तो दूर उन्होंने ना संज्ञान लिया, ना ही बात की। आराम से मुंह में काजू डालते हुए निकल गए, ऊपर से उनके पास खड़े लोग महिला का दुखड़ा सुनकर दांत दिखाते रहे।”