Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर होगा। इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने इंडी गठबंधन के उस आरोप का करारा जवाब दिया जिसमें संविधान खत्म करने का आरोप लगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस संविधान बनाने वाले बाबा साहेब आंबेडकर का अपमान करती रही है। आइए जानते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें।

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है, जो आए दिन बाबा साहेब का अपमान करती है, संविधान का अपमान करती है और सामाजिक न्याय की तो धज्जियां उड़ा देती है।
  2. कांग्रेस ने कभी कर्नाटक में, कभी आंध्र प्रदेश में, कभी अपने घोषणा पत्र में बार-बार धर्म के आधार पर आरक्षण की वकालत, लेकिन, सपा-कांग्रेस का INDI गठबंधन घोर तुष्टिकरण में जुटा है।
  3. 2024 के चुनाव में कांग्रेस ने जो मेनिफेस्टो जारी किया है, उस पर 100% मुस्लिम लीग की छाप है। कांग्रेस का पूरा मेनिफेस्टो सिर्फ वोटबैंक को मजबूत करने के लिए समर्पित है। जबकि, हमारा संकल्प पत्र देश को मजबूत करने के लिए समर्पित है।
  4. उत्तर प्रदेश में जो दो लड़कों में दोस्ती है, इसका आधार भी ये तुष्टिकरण की राजनीति ही है। दोनों मिलकर भाषण में तो OBC-OBC करते हैं और पिछले दरवाजे से OBC का हक छीनकर अपने वोटबैंक को मजबूत करने के लिए देना चाहते हैं।
  5. कांग्रेस ने ठान लिया है कि वो धर्म के आधार पर रिजर्वेशन लाकर रहेगी। इसके लिए कांग्रेस ने तरीका निकाला है कि 27% का ओबीसी का जो कोटा है, उसमें से कुछ चोरी कर लिया जाए, छीन लिया जाए और धर्म के आधार पर आरक्षण दे दिया जाए।
  6. प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मोदी तुष्टिकरण को समाप्त करके, संतुष्टिकरण की ओर आगे बढ़ रहा है। हमारा रास्ता तुष्टिकरण का नहीं, संतुष्टिकरण का है। सबका साथ, सबका विकास का मंत्र भी उसी का महामार्ग है।
  7. हमारा सेक्युलरिज्म भी वही है कि जो भी योजना जिसके लिए बने, बिना धर्म, जाति, भेदभाव के उसका लाभ सबको मिलना चाहिए। सच्चा सामाजिक न्याय भी यही है जब आप बिना भेदभाव, बिना अपने-पराए, बिना रिश्वतखोरी सबका हक पूरा करें।
  8. हमारा 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड हो या फिर भाजपा का संकल्प पत्र, हमारा जोर सैचुरेशन पर है। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सबको मिले, पूरा लाभ मिले, बिना बिचौलियों के मिले, बिना रिश्वत के मिले और हकदार को अवश्य मिले, ये भाजपा का सैचुरेशन मॉडल है। मोदी की गारंटी सबका साथ, सबका विकास की है। लेकिन सपा-कांग्रेस के इंडी-गठबंधन के लिए अपना वोटबैंक ही खास है।
  9. भारत की बढ़ती हुई शक्ति कुछ ताकतों को पसंद नहीं आ रही है। अब जैसे यहां डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है, उसमें देश की सेना के लिए, आत्मनिर्भर बनने के लिए, दुनिया में निर्यात के लिए घातक अस्त्र-शस्त्र बनेंगे। लेकिन, दुनिया भर में जो हथियारों के दलाल हैं, जो पुरानी सरकारों में घूस देकर अपना काम करा लेने में एक्सपर्ट हो गए थे और पुरानी सरकारों में बैठे हुए लोगों को भी ये मलाई खाने को मिलती थी. ऐसे सारे लोग अब बौखला गए हैं, बहुत नाराज हैं।
  10. पीएम मोदी ने कहा कि वो नहीं चाहते कि भारत की सेना आत्मनिर्भर बने। इसलिए वो मोदी के विरुद्ध एकजुट हो गए हैं। इन ताकतों को रोकने के लिए, देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए, देश की सुरक्षा के लिए – फिर एक बार BJP और NDA की सरकार लाना बहुत आवश्यक है।