उत्तर प्रदेश में मऊ जिले की घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के मौजूदा विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार सुबह निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार दो दिन पहले ही सीने में दर्द की शिकायत की वजह से उनको लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया है। इस घटना की जानकारी खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने ट्विटर (एक्स) हैंडल से दी गई है।
सुधाकर सिंह के निधन के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव लखनऊ स्थित हॉस्पिटल पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की। अखिलेश ने सुधाकर सिंह के परिवार के लोगों के साथ ही उनके समर्थकों को भी ढांढस बढ़ाया। सोशल मीडिया के माध्यम से अखिलेश ने श्रद्धांजलि अर्पित की और लिखा, ‘घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक श्री सुधाकर सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि!’
दारा सिंह चौहान को सुधाकर सिंह ने दी थी करारी मात
साल 2023 में हुए घोषी उपचुनाव में सपा के टिकट पर चुनाव जीतकर सुधाकर सिंह विधायक बने थे। इस चुनाव में उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार में जेल मंत्री दारा सिंह चौहान को हराया था। दरअसल साल 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में दारा सिंह चौहान सपा के टिकट पर घोषी से चुनाव जीते थे। लेकिन 2023 में वो सपा छोड़ बीजेपी की नांव पर सवार हो गए। इस वजह से घोषी में उपचुनाव हुआ। उपचुनाव में दारा इस बार बीजेपी के प्रत्याशी थे जबकि सुधाकर सिंह सपा के टिकट पर उम्मीदवार थे। जिसमें सुधाकर ने दारा को 40 हजार से भी वोटों से चुनाव हराया।
साल 1996 में नत्थूपुर विधानसभा से सुधाकर सिंह पहली बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक बने थे। हालांकि बाद इस विधानसभा का नाम बदलकर घोषी कर दिया गया। घोषी विधानसभा से साल 2012 से 17 तक वो दूसरी बार विधायक रहे। 2023 के उपचुनाव में सुधाकर तीसरी बार विधायक चुने गए।
