बलिया से सटे गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना परिसर में मंगलवार की रात धरनारत लोगों पर पुलिस द्वारा किये गये कथित लाठीचार्ज में घायल हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की बृहस्पतिवार को मौत हो गयी। इस मामले में थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित और छह अन्य को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बताया कि नोनहरा क्षेत्र में नौ सितंबर को एक प्रकरण संज्ञान में आया था जिसमें एक ग्राम प्रधान और एक पूर्व प्रधान के बीच बिजली के खंभे लगाने को लेकर विवाद था।
राजा के अनुसार इसके बाद एक पक्ष के 20-25 लोग थाने में आकर बैठ गए थे। उन्हें बहुत समझाया गया। मगर वे नहीं माने। रात में बिजली जाने के कारण कुछ अफरातफरी मची और इसके कारण इनको तत्काल वहां से जाने को कहा गया तो फिर इसके बाद वे लोग वहां से चले गए थे। कोई लाठीचार्ज नहीं हुआ था। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि आज सूचना मिली कि थाने में भीड़ के साथ पहुंचे सियाराम उपाध्याय (35) नामक एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। मामले की मजिस्ट्रियल जांच के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। पीड़ित पक्ष के आवेदन पर शव का चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम में मिले तथ्यों के आधार पर आगे भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बीजेपी जिलाध्यक्ष ने सियाराम को बताया समर्पित कार्यकर्ता
राजा ने बताया कि इस मामले में थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है तथा छह अन्य पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है ताकि किसी प्रकार से कोई जांच को प्रभावित न कर पाए। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषी को चिन्हित कर उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। रुकूंदीपुर निवासी भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय की बृहस्पतिवार को तड़के घर पर ही मौत हो गई। घर पर ही उसका उपचार किया जा रहा था।
सियाराम की मौत की सूचना मिलते ही उनके गांव में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण एकत्र हो गए। इसे देखते हुए गांव में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए । सियाराम के पिता गिरिजा उपाध्याय ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें न्याय चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गत नौ सितंबर को थाने में इकट्ठा हुए लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था जिसमें उनका बेटा घायल हो गया था तथा आज उसकी मौत हो गई। गिरिजा उपाध्याय के अनुसार उनका बेटा पिछले 16 वर्षों से भाजपा से जुड़ा था।
लाठीचार्ज में घायल राजेश राय बागी ने आरोप लगाया कि वह और उनके साथी जनसमस्याओं को लेकर धरने पर बैठे थे लेकिन रात करीब डेढ़ बजे लाइट बंद कर पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिससे कई लोग घायल हुए हैं। भाजपा के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने संवाददाताओं को बताया कि सियाराम उपाध्याय भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता थे तथा उनकी मौत से पार्टी स्तब्ध है।