उत्तर प्रदेश की जनता ने बीजेपी को पूर्ण बहुमत दिया है। 2022 के विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मैदान में थे। दोनों नेता पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे थे। योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहरी सीट से मैदान में थे वहीं अखिलेश यादव मैनपुरी जिले की करहल सीट से मैदान में थे। दोनों नेताओं ने अपने पहले विधानसभा चुनाव में बंपर जीत दर्ज की है।

करहल से अखिलेश ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत

करहल विधानसभा सीट से अखिलेश यादव मैदान में थे और बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को अखिलेश के खिलाफ उम्मीदवार बनाया था। अखिलेश यादव ने एसपी सिंह बघेल को 66 हजार से अधिक वोटों से हराया। अखिलेश यादव को 1,47,237 मत मिले जबकि बीजेपी के एसपी सिंह बघेल को 80,455 मत मिले। कुल पड़े वोटों का 60% मत अखिलेश यादव को मिले। बसपा के कुलदीप नारायण को भी 15643 वोट प्राप्त हुए। करहल विधानसभा सीट पर अब तक के सबसे बड़े अंतर से अखिलेश यादव ने जीत की।

बीजेपी के प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल ने दावा किया था कि वह अखिलेश यादव को हरा देंगे। बीजेपी के बड़े नेताओं ने भी इस सीट पर पूरी ताकत झोंक दी थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस सीट पर चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे।

योगी आदित्यनाथ ने दर्ज की रिकॉर्ड जीत

गोरखपुर शहर सीट से योगी आदित्यनाथ पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे थे। उनके सामने आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर रावण और समाजवादी पार्टी से सुभावती शुक्ला मैदान में थीं। योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहर सीट से रिकॉर्ड 1 लाख 2 हजार वोटों से जीत दर्ज की। योगी आदित्यनाथ को कुल 1,62,961 वोट प्राप्त हुए। जबकि दूसरे नंबर पर रही समाजवादी पार्टी की सुभावती शुक्ला को 60,069 मत प्राप्त हुए।

जीत का दावा कर रहे चंद्रशेखर रावण योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अपनी जमानत भी नहीं बचा सके। चंद्रशेखर रावण को 7458 वोट प्राप्त हुए। बता दें कि चंद्रशेखर रावण ने योगी आदित्यनाथ के खिलाफ खूब प्रचार किया था और समाजवादी पार्टी से उनकी गठबंधन को लेकर बातचीत भी चल रही थी। हालांकि गठबंधन नहीं हो पाया था, जिसके बाद आजाद समाज पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया था।