उत्तर प्रदेश सरकार में श्रम राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने कथित तौर पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कभी भी कोई बात हो आप अधिकारियों को पकड़ लीजिए। उन्हें फोन कीजिए, उनसे बात कीजिए। उन्होंने कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘चिंता करने की कोई बात नहीं है। आप डरिए मत। जेब में एक छोटा चाकू भी रखा करें। अगर कभी जरुरत पड़े तो बिना डरे डटकर मार देना। कोई चिंता नहीं करना, भगवान सब ठीक करवा देंगे।’
दरअसल इन दिनों यूपी में बड़े पैमाने पर शक्ति मिशन चल रहा है। इस अभियान के जरिए प्रदेश की योगी आदित्य नाथ सरकार राज्य में हर बेटी, हर महिला का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जता रही है। ऐसे ही ललितपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मनोहर लाल पंथ ने कह डाला कि लड़कियों को अपनी सुरक्षा के लिए चाकू रखना चाहिए और हमलावरों को मारने तक का सुझाव दे डाला। बता दें कि भाजपा नेता को मिशन शक्ति के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बुलाया गया था।
PM Modi Speech Today Live Updates
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भाजपा नेता ने अपने संबोधन में रानी लक्ष्मीबाई, झलकारी बाई और अवंती बाई जैसी वीरांगनाओं को भी याद किया। जब महिला सुरक्षा की बात आई तो उन्होंने विवादित बयान दे डाला। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया में भी खूब वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया में कई यूजर्स ने कहा कि मनोहर लाल का विवादों से पुराना नाता रहा है। वो पहले भी अपने बयानों के चलते सुर्खियों में रह चुके हैं।
यहां देखें वीडियो-
इससे पहले हाथरस में दलित युवती संग हुए कथित गैंगरेप और हत्या की घटना पर भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने अजीब बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि ना शासन से और ना तलवार से, अच्छे संस्कारों से ही इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। सभी परिवारों को बच्चों को अच्छी शिक्षा देनी चाहिए।