मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि यूपी की भाजपा सरकार वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) पर काम कर रही है। सरकार ने एमएसएमई (MSME) को नया रूप दिया, पिछली सरकार ओडीओपी तो नहीं दे पाई, लेकिन वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया ज़रूर दे दिया। कहा, “यह सही है कि समाजवादी पार्टी ने हर जिले में एक माफिया पैदा किया। यूपी के किस जिले में माफिया नहीं हैं। राज्य में कई तरह के माफिया थे। राज्य में सब लोग इसके बारे में अच्छी तरह जानते थे।”
सपा नेता के साथ वायरल तस्वीर का भी किया जिक्र
सीएम ने अखिलेश यादव की तरफ इशारा करते हुए बताया, “कल मैंने प्रयागराज की घटना में आरोपी का एक पिक्चर वायरल होते देखा। लोग कहेंगे कि यह सोशल मीडिया का जमाना है, लेकिन (पिक्चर में) समाजवादी पार्टी का लोगो लगा है। आप उसमें हाथ मिलाते हुए देखे जा सकते हैं, लेकिन आप अब भी इससे इंकार कर रहे हैं।”
प्रयागराज हत्याकाण्ड का मुख्य साजिशकर्ता सदाकत खान की तस्वीर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ वायरल हो रही है। तस्वीर में सदाकत खान के कंधे पर समाजवादी पार्टी का पट्टा भी है और अखिलेश यादव के साथ हाथ मिलाते हुए नजर आ रहा है। भाजपा ने इस पर सपा पर हमला बोला तो जवाब में समाजवादी पार्टी की तरफ से एक तस्वीर शेयर कर दावा किया है कि सदाकत खान भाजपा नेता का करीबी है। इस पर अब जमकर बवाल हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी ने जो वादे किए उसे निभाया। 130 संकल्प में से 110 संकल्पों के लिए धनराशि की व्यवस्था की गई। इसके लिए 64 हजार 700 करोड़ राशि प्रस्तावित की है। 2016-2017 में राज्य का राजस्व कर 86,000 करोड़ का था, और अब 2022-23 में यह 2.20 लाख करोड़ का है। पहले कई घोषणाएं होती थी पर पूरी नहीं होती थी। पिछली सरकारों में विकास बाधित होता था।
विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। कहा कि माफिया और गुंडों को प्रदेश में रहने नहीं देंगे।