Nand Gopal Nandi: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के बेटे और बहू मंगलवार को कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे का शिकार हो गए। आगरा से लखनऊ लौटते वक्त एक्सप्रेसवे पर उनकी मर्सिडीज डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि मर्सिडीज का इंजन दूर छिटककर जाकर गिर गया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में एडमिट करवाया गया है।
पुलिस ने बताया कि अभिषेक और कृष्णिका अपनी मर्सिडीज कार से आगरा से लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान कन्नौज के तिर्वा कट के पास अचानक से गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का इंजन छिटककर दूर जा गिरा। आसपास के लोगों ने गाड़ी के अंदर से दोनों को बाहर निकाला और पुलिस के साथ-साथ एंबुलेंस को भी जानकारी दी।
दोनों को इलाज के लिए करवाया गया भर्ती
पुलिस और प्रशासन को जैसे ही इस बात का पता चला कि ये दोनों कैबिनेट मंत्री के बेटे और बहू हैं तो उन्होंने और भी तेजी दिखाई। तत्काल दोनों को पास के मेडिकल कॉलेज में एडमिट करवाया गया। बाद में यहां से दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। हालांकि, अभिषेक और कृष्णिका की हालत अब सामान्य है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बारिश के कारण सड़क थोड़ी फिसलन भरी थी। इसी वजह से हादसा हुआ होगा।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्याथ की कैबिनेट में औद्योगिक मिनिस्टर नंद गोपाल गुप्ता नंदी के बेटे की शादी 11 जुलाई को हुई थी। इसके बाद एक समारोह का आयोजन प्रयागराज में किया गया था। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, योग गुरु बाबा रामदेव, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, सिक्किम के गवर्नर लक्ष्मण आचार्य समेत कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की थी। इन दोनों की शादी श्रीनगर के डल झील में हुई थी।
नंद गोपाल नंदी योगी कैबिनेट में मिनिस्टर
नंद गोपाल नंदी योगी सरकार में कैबिनेट मिनिस्टर हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को साल 2022 के विधानसभा चुनाव में हराकर जीत दर्ज की थी। नंद गोपाल नंदी को योगी आदित्यनाथ ने पहले कार्यकाल में भी कैबिनेट मिनिस्टर बनाया और साल 2022 में भी फिर से दोहराया। नंद गोपाल नंदी सीएम योगी आदित्यनाथ के पहले कार्यकाल में नागरिक उड्डयन, राजनीतिक पेंशन, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज मंत्रालय संभाला। इस बार उनके पास में औद्योगिक मंत्रालय है।