आज उत्तर प्रदेश सरकार कैबिनेट का विस्तार होगा। किसका नाम मंत्रिमंडल में आ सकता है और किसे सेवा से मुक्त किया जा सकता है इस सवाल पर काफी चर्चा है। फिलहाल जवाब के लिए शाम के 5 बज जाने का इंतज़ार करना होगा। हालांकि लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी की नजर एनडीए दलों के साथ गठबंधन को मजबूत करने पर है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के सहयोगी दलों को कैबिनेट में अच्छी-खासी जगह मिल सकती है।
सहयोगी दलों में एक अहम नाम सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर का भी है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि हमें अभी किसी तरह की सूचना नहीं मिली है लेकिन कहा जा रहा है कि आज शपथ ग्रहण समारोह होगा।
क्या बोले ओम प्रकाश राजभर?
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा,”हमें राजभवन या CMO से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। हमें केवल खबर मिली है कि शाम 5 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। हमारी कोई मांग नहीं है। यह सीएम को तय करना है कि कौन सा विभाग किसे देना है।”
सूत्रों के हवाले से खबर है कि कम चार से छह मंत्रियों को नई कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। जिनमें सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) और राष्ट्रीय लोक दल के एक-एक मंत्री शामिल होंगे।
सूत्रों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि पश्चिम यूपी के एक दलित नेता (जो आरएलडी से आते हैं) को कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह से पहले मुख्यमंत्री आदित्यनाथ कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक राज्य भाजपा नेतृत्व को गुरुवार को दिल्ली में हुई एक बैठक के दौरान पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा अंतिम रूप दिए गए नए मंत्रियों की सूची के साथ कैबिनेट विस्तार के लिए हरी झंडी मिल गई थी। हालांकि घोषणा को रोक दिया गया था क्योंकि भाजपा लोकसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दे रही थी।