UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी एक साल से ज्यादा का समय बाकी है। सभी दलों की नजर अभी बिहार चुनाव पर है इसी बीच जानकारी मिल रही है कि आम आदमी पार्टी अगले मिशन पर जुट गई है। पार्टी के नेता और दिल्ली से राज्यसभा सांसद संजय सिंह को यूपी की चुनावी कमान सौंपी गई है। इसी कड़ी में वो अयोध्या, प्रयागराज, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ का दौरा करने के बाद बैठक करने वाले हैं।
साल 2027 के फरवरी – मार्च में यूपी विधानसभा के चुनाव होने हैं। प्रदेश की सभी पार्टियां इसको लेकर तैयारी में लग रही है। ऐसे में आप भी तैयारी में नजर आ रही है। हमारे सहयोगी संस्थान इंडियन एक्सप्रेस की मानें तो आप प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि यूपी चुनाव की कमान संजय सिंह को इस वजह से सौंपी गई है क्योंकि वो यूपी के सुल्तानपुर के रहने वाले हैं।
पार्टी ने दिल्ली में लगाई थी जीत की हैट्रिक
पार्टी की अभी पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार चल रही है। पंजाब में भी यूपी के साथ ही 2027 में चुनाव होने हैं। जिसको लेकर पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली में हार के बाद पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पंजाब में सक्रिय नजर आ रहे हैं। साल 2022 में पहली बार पंजाब में आप की सरकार बनी है।
साल 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में पहली बार अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आप की सरकार बनी थी। हालांकि 49 दिन के भीतर ही सरकार गिरने के बाद 2015 में फिर से दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी को प्रचंड जीत मिली। और फिर 2020 में पार्टी ने जीत की हैट्रिक लगाते हुए दिल्ली में सरकार बनाई। हालांकि इसी वर्ष हुए दिल्ली चुनाव में पार्टी को बुरी तरह से हार मिली।
