अक्सर अपने विवादित बयानों से चर्चा में बने रहने वाले केंद्रीय मंत्री और बिहार से भाजपा सांसद अश्विनी चौबे ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री गगन के जैसा और जो आज का कांग्रेस अध्यक्ष हैं उनका आकार कैसा, नाली के कीड़े जैसा।” अश्विनी चौबे यहीं नहीं रूके, उन्होंने राहुल गांधी को मानसिक बीमार भी बताया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने कहा कि, “राहुल गांधी को मेंटल सिजोफ्रेनिया की बीमारी है। वो जिस तरह की बात करते हैं, उससे लगता है कि उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। राहुल गांधी अपने आप को महान और बौद्धिक बताते हैं और दूसरों के लिए अपशब्द का इस्तेमाल करते हैं। उन्हें मेंटल अस्पताल में भर्ती करना चाहिए।”
Pradhan mantri gagan ke jaisa, aur jo aaj ka Congress ka adhyaksh hai unka aakaar kaisa, naali ke keede jaisa: MoS Health Ashwini Kumar Choubey in Bihar’s Sasaram pic.twitter.com/a4CLJEWld0
— ANI (@ANI) September 1, 2018
बिहार के बक्सर से सांसद अश्विनी चौबे शनिवार (1 सितंबर) को सासाराम में विकास योजना की समीक्षा के लिए आए थे। इस दौरान उन्होंने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। कहा कि, “कांग्रेस भ्रष्टाचार का जनक है। यह महागठबंधन नहीं, बल्कि महाठगबंधन है। महागठबंधन के नेताओं को जनता की हाय लगी है। राहुल गांधी गठबंधन की राजनीति का फायदा उठाना चाहते हैं। उनका यह मकसद कामयाब नहीं होगा। लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए पूरा विपक्ष एकजुट हो रहा है। लेकिन उनको इस बात का एहसान नहीं है कि पीएम मोदी की लोकप्रियता आज भी पहले की तरह ही बरकरार है। भारत को एक प्रगतिशील प्रधानमंत्री की जरूरत है। इसलिए हम एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।” इस दौरान राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए हुए कहा कि बेजुबान पशुओं का चारा खाने वाले नेताओं को आज जेल में रहना पड़ रहा है।
बता दें कि वर्ष 2015 में अश्विनी चौबे ने एक बार बिहार के नवादा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी को इटली की गुडि़या, जहर की पुडि़या और पूतना कहा था। वहीं, राहुल गांधी को भी विदेशी तोता कहा था। इस बयान को लेकर कांग्रेस नेताओं ने उनका जमकर विरोध किया था।