Uddhav Thackeray vs Narayan Rane: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को थप्पड़ मारने संबंधी टिप्पणी पर विवाद के बाद केंद्रीय मंत्री नारायण राणे (Narayan Rane Arrest) को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में जब नारायण राणे (Narayan Rane ) को रत्नागिरी पुलिस गिरफ्तार करने पहुंची तो वह खाना खा रहे थे। राणे रत्नागिरी में जन आशीर्वाद रैली के तहत दौरे पर थे। वीडियो के अनुसार वह कुर्सी पर बैठकर खाना खा रहे थे तभी पुलिस के अधिकारी उनको हिरासत में लेने के लिए पहुंची। उनके कार्यकर्ताओं ने पुलिस को रोकने की कोशिश की तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

कार्यकर्ताओं ने पुलिस को रोकने की तमाम कोशिशें की, खुद केंद्रीय मंत्री भी एक हाथ में थाली लिए पुलिस से उलझते रहे लेकिन कोशिश कामयाब नहीं हुई। उनके समर्थक पुलिस को लगातार चेतावनी देते रहे कि मंत्री जी को हाथ नहीं लगाना लेकिन पुलिस का हाथ लगातार केंद्रीय मंत्री की तरफ बढ़ता रहा। काफी मान मनौव्वल के बाद राणे पुलिस के साथ चले गए।

क्या है पूरा मामला: राणे ने दावा किया था कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संबोधन में ठाकरे यह भूल गए कि देश की आजादी को कितने साल हुए हैं। राणे ने रायगढ़ जिले में सोमवार को ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान कहा, ‘‘यह शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री को यह नहीं पता कि आजादी को कितने साल हो गए हैं। भाषण के दौरान वह पीछे मुड़कर इस बारे में पूछते नजर आए थे। अगर मैं वहां होता तो उन्हें एक जोरदार थप्पड़ मारता।’’ राणे अपनी इस टिप्पणी के बाद विवादों में घिर गए और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने कई शहरों में विरोध प्रदर्शन किया है।

शिवसेना सांसद ने PM मोदी को लिखा पत्र: शिवसेना के सांसद विनायक राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे (Narayan Rane) को केन्द्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। राणे के महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान देने के बाद राउत ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर यह मांग की है। राउत ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि राणे खुद ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर समाज को क्या संदेश देंगे। उन्होंने पत्र में कहा कि यह इस देश के प्रधानमंत्री के लिए भी अपमानजनक है।

पूरे महाराष्ट्र में विरोध प्रदर्शन: शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे (Narayan Rane) की टिप्पणी के विरोध में महाराष्ट्र के कई शहरों में प्रदर्शन किया। पुणे के डेक्कन जिमखाना इलाके में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने राणे के पोस्टर पर जूते बरसाए और थप्पड़ मारे। पूर्वी महाराष्ट्र के अमरावती शहर में राणे के विरोध में राजापेठ इलाके में BJP दफ्तर में तोड़फोड़ की और कार्यालय के सामने लगे कई पोस्टरों में आग लगा दी।