FIRs by Mumbai Police against BJP’s Jan Ashirwad Yatra : मुंबई में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जन आशीर्वाद यात्रा निकालने पर उद्धव सरकार (Uddhav Thackeray Government) ने सख्ती दिखाते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोविड नियमों के उल्लंघन की 19 FIR दर्ज की हैं। इन प्राथमिकियों में कार्यकर्ताओं द्वारा कोरोना प्रोटोकॉल के नियमों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया गया है। इससे पहले इन प्राथमिकियों की संख्या 7 बताई जा रही थी लेकिन शुक्रवार सुबह तक इसकी संख्या 19 तक पहुंच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह FIR मुंबई के विले पार्ले, खेरवाड़ी, माहिम, शिवाजी पार्क, दादर, चेंबूर और गोवंडी पुलिस थाने में दर्ज हैं।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभिन्न राज्यों में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है, इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल ने मुंबई में इसका आयोजन किया था। 16 अगस्त को मुंबई की सड़कों पर बड़े पैमाने पर बीजेपी कार्यकर्ता नजर आए थे। इस यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री विभिन्न इलाकों से गुजरे, जहां स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की गईं थीं।

वहीं नारायण राणे द्वारा भी मुंबई में जन आशीर्वाद रैली निकाली गई थी। इस रैली में कार्यकर्ताओं के हुजुम के साथ राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी नजर आए थे। दर्ज FIR के अनुसार, रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे जोकि कोरोना नियमों का उल्लंघन है। रैली में कई ऐसे लोग मौजूद थे जिन्हें चेहरे पर मास्क नहीं थे, इसके अलावा रैली के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की भी अनदेखी देखी गई।

संजय राउत ने बीजेपी पर साधा निशाना: शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि जन आशीर्वाद यात्रा तीसरी लहर को निमंत्रण है। विभिन्न राज्यों में केंद्रीय मंत्री यह यात्रा कर रहें हैं। उन्होंने भाजपा से धैर्य रखने को कहा है। राज्य सभा सदस्य ने दावा किया कि भाजपा यह जानबूझ कर रही है, क्योंकि उसे लोगों की तकलीफों से सरोकार नहीं है।

महाराष्ट्र में कोरोना की स्थिति: आपकी जानकारी के लिए बता दें कि महाराष्ट्र को कोरोना के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य माना जाता है। गुरुवार को राज्य में कोविड-19 के 5,225 नए मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 64 लाख 11 हजार से हो चुकी है, वहीं इस दौरान 154 और मरीजों की मौत हुई है और कुल मृतकों की संख्या 1 लाख 35 हजार 567 हो गई है।

जेपी नड्डा ने की थी अपील: बताते चलें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जुलाई महीने में मोदी सरकार में शामिल हुए मंत्रियों को जनता से सीधे जुड़ने का निर्देश दिए था। इसके तहत कई राज्यों में मंत्री रैली निकाल रहे हैं।