त्रिपुरा में विपक्षी कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव के बेटे को गन रखने और इसके साथ फेसबुक पोस्ट पर दिखने का आरोप लगाया है। बता दें कि मुख्यमंत्री के किशोर बेटे कथित तौर पर एक ‘लाइट मशीन गन’ (एलएमजी) लिए फेसबुक की एक पोस्ट पर नजर आ रहे हैं। मामले में कांग्रेस ने इस फेसबुक पोस्ट की जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबल भौमिक ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है क्योंकि किशोर मुख्यमंत्री का बेटा है।
क्या कहना है विपक्ष काः मामले में कांग्रेस नेता सुबल भौमिक ने कहा, ‘दुर्गा पूजा के दौरान मुख्यमंत्री के बेटे को एक बंदूक के साथ घूमते देखा गया। बंदूक के साथ उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। यह लोगों के लिए खतरनाक है। हम मामले की जांच चाहते हैं ताकि पता किया जा सके कि उसे बंदूक कैसे मिली और क्या वह लाइसेंसी थी।’ उल्लेखनीय है कि देब का 17 वर्षीय बेटा यहां अंग्रेजी माध्यम के एक निजी स्कूल में पढ़ता है।
बीजेपी का कांग्रेस पर पलटवारः बता दें कि सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) सुब्रत चक्रवर्ती ने कहा कि सेवा नियमों के अनुसार आम लोगों को सरकारी बंदूक रखने की इजाजत नहीं है। हालांकि, उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। मामले में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नेबेंदू भट्टाचार्य ने कहा कि कांग्रेस नेता ने राज्य में पहचान खोने के बाद निजी हमले शुरू कर दिए हैं।
देश में हुआ शस्त्रों का प्रदर्शनः गौरतलब है कि दुर्गा पूजा के दौरान देश के अलग अलग राज्यों में शस्त्र का प्रदर्शन किया गया। कई राज्यों में विशेष तौर पर शस्त्र का प्रदर्शन के साथ रैलियां भी निकाली गई। ऐसे में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव के बेटे को भी इस पूजा के दौरान गन के साथ देखा गया जिसका पोस्ट फेसबुक पर वायरल हो रहा है।