बंगाल में टीएमसी ने सभी 42 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बैरकपुर लोकसभा सीट से सांसद अर्जुन सिंह का टिकट काट दिया। अर्जुन सिंह 2019 में बीजेपी के टिकट पर सांसद चुने गए थे। लेकिन 2021 विधानसभा चुनाव के बाद टीएमसी में शामिल हो गए थे। अर्जुन सिंह को उम्मीद थी कि उन्हें टिकट मिलेगा लेकिन उनका टिकट काट दिया।
अब अर्जुन सिंह बागी मोड में आ गए हैं। अर्जुन सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि मैं लोकसभा चुनाव लड़ूंगा या नहीं लड़ूंगा यह समय बताएगा। हालांकि उन्होंने एक ऐसा बयान दे दिया जिससे उनके बगावत की पुष्टि हो गई। मोदी सरकार ने सोमवार को ही नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का नोटिफिकेशन जारी किया है। बंगाल की ममता सरकार इसके खिलाफ है।
अर्जुन सिंह ने कहा कि हम लोगों ने CAA के समर्थन में संसद में वोट दिया था और मुझे खुशी है कि यह लागू हो रहा है। अर्जुन सिंह ने CAA को एक ऐतिहासिक फैसला बताया। इसके बाद जब अर्जुन सिंह से पूछा गया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में बंगाल में बीजेपी का प्रदर्शन कैसा रह सकता है? उन्होंने कहा कि 2019 वाली स्थिति फिर से रिपीट होगी।
अर्जुन सिंह यहीं नहीं रुके। पत्रकार ने उनसे कार्यालय में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की तस्वीर न होने को लेकर भी सवाल किया। इसके जवाब में अर्जुन सिंह ने कहा कि मेरे घर में किसी की तस्वीर नहीं बल्कि भगवान की तस्वीर ही हमेशा लगी रहती है। बता दें कि अर्जुन सिंह 2019 में बीजेपी के टिकट पर जीते थे। 2021 के विधानसभा चुनाव में उनके बेटे पवन सिंह ने भाटपारा विधानसभा से बीजेपी के टिकट पर जीत हासिल की थी। पवन सिंह अभी भी बीजेपी में ही है।
इससे पहले टिकट कटने के तुरंत बाद अर्जुन सिंह ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए यह भी कह दिया था कि अगर उन्हें पता होता टीएमसी से टिकट नहीं मिलेगा तो वह बीजेपी में ही रहते, वापस नहीं आते। अर्जुन सिंह के समर्थकों ने भी खूब बवाल काटा और नाराजगी जाहिर की।