Tiranga Yatra Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तिरंगा यात्रा को लेकर पथराव की घटना सामने आ रही है। यहां आपसी कहासुनी के बाद दो गुट आपस में भिड़ गए। घटना आशियाना थाना क्षेत्र के बंगला बाजार की बताई जा रही है।सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने दोनों पक्षो को शांत करवाया। घटना के बाद से पुलिस बल मौके पर तैनात हैं। यह पूरी घटना सोमवार (15 अगस्त, 2022) सुबह की बताई जा रही है।
स्थानीय पुलिस ने बताया कि हालात फिलहाल नियंत्रण में है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह के समय दो गुटों में बवाल हुआ था, जिसके बाद कुछ लोगों ने बाजार में आकर पत्थरबाजी कर दी। दोनों गुटों के लोगों के हाथों में पत्थर थे।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिनमें लोग दुकानों और मकानों पर पत्थरबाजी किए जाने की बात करते सुनाई दे रहे हैं। वहीं कई लोग भागते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में ईंट और पत्थर भी दिखाई दे रहे हैं। मौके से मिली जानकारी के मुताबिक कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बारे में एक शख्स ने बताया, ‘कुछ लोगों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिससे अफरा-तफरी का माहौल पैदा गया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है।
पुलिस का दावा है कि यह घटना किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है। इसी वजह से तिरंगा यात्रा के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद शुरू करने वाला हिस्ट्रीशीटर है। बवाल की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया। मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मामले में 9 नामजद, 14 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
तिरंगा यात्रा के दौरान प्रयागराज में डीजे संचालक को मारी गोली
वहीं प्रयागराज में तिरंगा यात्रा निकालने के दौरान किसी बात को लेकर डीजे संचालक और तिरंगा यात्रा में शामिल युवकों में कहासुनी हो गई। जिसके बाद गुस्से में आकर एक युवक ने कमर में लगा तमंचा निकाल लिया, जब तक कोई कुछ समझ पाता युवक ने डीजे बजाने वाले युवक पर फायर कर दिया। पीड़ित युवक मनोज कुमार पटेल ग्लास फैक्ट्री क्षेत्र का रहने वाला है। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी नीरज कुमार पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है। तिरंगा यात्रा में शामिल युवकों ने बताया कि नीरज ने 315 बोर के तमंचे से मनोज को गोली मारी है।एसपी जमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि गोली मारने वाले युवक नीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है।