Heavy Rain In Mumbai Latest Update: मुंबई में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला है, कई जिलों में भारी बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने पहले ही मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, लेकिन बदलते ट्रेंड को देखते हुए अब इसे रेड कर दिया गया है। बारिश की वजह से मुंबई के कई इलाकों में इस समय जलभराव है, लंबा ट्रैफिक जाम लग चुका है और ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुई हैं।
मौसम विभाग का क्या अनुमान है?
इस समय मुंबई समेत ठाणे और रायगढ़ के लिए अगले 3 घंटे रेड अलर्ट है। तेज बारिश के अलावा गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। वैसे मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए भी अपना अनुमान जताया है। आसमान में बदल तो छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। यूपी के कई जिलों में जरूर बरसात हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का अनुमान है। बिहार और झारखंड के कुछ जिलों में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
समय से पहले लौट रहा मानसून?
वैसे मौसम विभाग ने यह जानकारी भी दी है कि इस बार मानसून समय से पहले वापस जा रहा है। 10 सालों में यह पहली बार होगा जब मानसून ने ना सिर्फ समय से पहले दस्तक दी बल्कि अब समय से पहले वापस भी जा रहा है। यह अलग बात है कि विदाई के समय भी कुछ राज्यों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। यहां भी मुंबई में भारी बरसात के ज्यादा आसार हैं।
कहां-कहां होगी बारिश?
पुणे, सतारा, औरंगाबाद को लेकर भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। लातूर और बीड के लिए ऑरेंज अलर्ट बताया जा रहा है। इसके अलावा नासिक, जलाना, नागपुर और पालघर में भी हल्की बारिश की संभावना है, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।